मध्यप्रदेश में बर्फ जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। रात का टेम्प्रेचर 3 डिग्री से नीचे है। वहीं, सुबह प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरा छाया है। इससे दिल्ली से एमपी आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें हर रोज 2 से 6 घंटे तक लेट हो रही है। बीती रात शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री पहुंच गया। सीहोर, छिंदवाड़ा, मुरैना में तो पौधों पर ओस की बूंदें बर्फ के रूप में जम गईं। इंदौर में कड़ाके की ठंड के चलते अब सुबह 9:30 बजे से पहले आठवीं तक की क्लासेस नहीं लगेंगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने ये आदेश जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में ऐसी ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी। 2-3 दिन के बाद असर और बढ़ जाएगा, क्योंकि हिमालय के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। जब ये आगे बढ़ेगा तो बर्फ पिघलने लगेगी और बर्फीली हवा की रफ्तार भी बढ़ जाएगी। उत्तरी हिस्से में घना कोहरा
प्रदेश के उत्तरी हिस्से में आज सुबह भी घना कोहरा छा रहा है। इनमें ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिले शामिल हैं। भोपाल, इंदौर, रायसेन, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, देवास समेत कई जिलों में भी मध्यम कोहरा है। इससे पहले बुधवार को प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरे का असर देखा गया। वहीं, उमरिया और शहडोल में शीतलहर की स्थिति बनी रही। भोपाल में दिन में सर्द हवाएं चली। एमपी में ठंड की तस्वीरें…
MP में बर्फ जमा देने वाली ठंड…पारा 2.7 डिग्री:प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरा, कई ट्रेनें लेट; इंदौर में स्कूलों का समय बदला
