फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को पेरिस की एक अदालत ने गुरुवार को आपराधिक साजिश (क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी) के आरोप में 5 साल जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उन पर 1 लाख यूरो (लगभग 92 लाख रुपए) का जुर्माना लगाया गया और 5 साल तक कोई सरकारी पद लेने पर रोक लगा दी गई है। यह मामला 2007 के राष्ट्रपति चुनाव में उनकी जीत के लिए लीबिया के तत्कालीन तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की अवैध फंडिंग से जुड़ा है। हालांकि, कोर्ट ने सरकोजी को भ्रष्टाचार जैसे अन्य आरोपों से बरी कर दिया। 70 साल के सरकोजी ने फैसले को कानून के खिलाफ बताते हुए ऊपरी कोर्ट में अपील करने का ऐलान किया है। निकोलस सरकोजी 2007 से 2012 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे थे। उनकी पत्नी कार्ला ब्रूनी एक फेमस सिंगर और मॉडल हैं। 2007 के राष्ट्रपति चुनाव में अवैध फंडिंग से जुड़ा मामला अदालत ने फैसला दिया कि सरकोजी ने अपने करीबी सहयोगियों के साथ मिलकर 2007 के इलेक्शन कैंपेन के लिए लीबिया से पैसे लेने की साजिश रची थी। हालांकि, यह साबित नहीं हो सका कि ये पैसा उनके कैंपेन में इस्तेमाल हुआ, इसलिए उन्हें भ्रष्टाचार जैसे अन्य आरोपों से बरी कर दिया गया। फिर भी, अदालत ने कहा कि यह साजिश गंभीर अपराध है, क्योंकि इससे लोगों का भरोसा टूटता है। सरकोजी को एक महीने के अंदर जेल जाना होगा। आधुनिक फ्रांस के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को जेल जाना पड़ेगा। सरकोजी बोले- गद्दाफी परिवार ने बदला लेने के लिए आरोप लगाए सरकोजी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह मामला “राजनीतिक साजिश” है और गद्दाफी परिवार ने बदला लेने के लिए ये आरोप लगाए हैं। सरकोजी ने कहा- अगर उन्हें जेल में सोना पड़ा, तो वे सिर ऊंचा करके सोएंगे। सरकोजी ने 2011 में गद्दाफी को हटाने के लिए सैन्य हस्तक्षेप की वकालत की थी, जिसके बाद गद्दाफी की सत्ता खत्म हो गई और उनकी हत्या हो गई। सरकोजी का कहना है कि ये आरोप उसी का बदला हैं। सरकोजी को एक महीने बाद हिरासत में लिया जाएगा अदालत ने सरकोजी को तुरंत जेल भेजने के बजाय एक महीने बाद हिरासत में लेने का आदेश दिया। इस मामले में 11 अन्य लोग भी आरोपी थे, जिनमें तीन पूर्व मंत्री शामिल हैं। सरकोजी सरकार में गृह मंत्री रहे क्लॉड गुएंट को 6 साल की सजा मिली, लेकिन खराब सेहत की वजह से उन्हें जेल नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, पूर्व मंत्री ब्राइस होर्टेफ्यू को 2 साल की सजा मिली, जिसे वे इलेक्ट्रॉनिक टैग के साथ घर पर पूरी कर सकते हैं। सरकोजी पर गवाह पर दबाव डालने का भी मामला इस मामले के एक अहम गवाह लेबनानी कारोबारी जियाद ताकिएदीन ने पहले कोर्ट को बताया था कि वे लीबिया से नकदी भरे सूटकेस फ्रांस लाए थे। बाद में वो अपने बयान से पलट गए थे, जिसके चलते सरकोजी और उनकी पत्नी पर गवाह पर दबाव डालने का मामला भी चल रहा है। ताकिएदीन की दो दिन पहले यानी मंगलवार को बेरूत में मौत हो गई है। यह पहली बार नहीं है जब सरकोजी मुश्किल में फंसे हैं। 2021 में उन्हें एक जज को रिश्वत देने की कोशिश के लिए 1 साल की सजा मिली थी, जिसे उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक टैग के साथ पूरा किया था। 2024 में उन्हें 2012 के चुनाव में गैरकानूनी खर्च के लिए उन्हें 6 महीने की सजा मिली। उसी साल उनसे फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ भी छीन लिया गया था। ———————————————–
यह खबर भी पढ़ें…
ट्रम्प की वजह से जाम में फंसे फ्रांसीसी राष्ट्रपति, VIDEO:न्यूयॉर्क पुलिस ने कार रोकी तो सड़क से ट्रम्प को फोन किया; बोले- रास्ता खाली कराओ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की कार सोमवार रात न्यूयॉर्क में राष्ट्रपति ट्रम्प के काफिले की वजह से रास्ते में रोक दी गई। वे संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में भाषण देकर आराम करने फ्रांसीसी दूतावास जा रहे थे। जब मैक्रों का काफिला रोका गया तो उन्होंने उतर कर पुलिस अधिकारी से इसे लेकर सवाल किया। यहां पढ़ें पूरी खबर…
फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को 5 साल जेल:₹92 लाख का जुर्माना; 2007 में लीबियाई तानाशाह से पैसे लेने की साजिश रची थी
