हिसार पहुंचे पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा:बोले-बजट सत्र में अपराध पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस, काम रोको प्रस्ताव और एडजर्नमेंट मोशन लाएंगे

Spread the love

हिसार में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आर्थिक स्थिति, किसानों के मुद्दों, पेंशन और परिवार पहचान पत्र सहित कई विषयों पर राज्य सरकार को घेरा। हिसार में फिरौती और रोहतक में गैंगवार की घटना के बाद आज हिसार में हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और प्रदेश आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रोजाना हत्या, फिरौती और गैंगवार की घटनाएं हो रही हैं, जो सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। हुड्डा ने अपराध को दो श्रेणियों में बांटते हुए कहा कि एक अनऑर्गनाइज्ड अपराध होता है, जैसे पारिवारिक या आपसी विवाद, जो समाज में कभी-कभी होते रहते हैं। लेकिन आज हरियाणा में ऑर्गेनाइज्ड क्राइम बढ़ रहा है। अपराधी खुलेआम फिरौती मांगते हैं, हत्या कर जिम्मेदारी लेते हैं और गैंग के नाम से दहशत फैलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में 50 से 60 गैंग सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार संगठित अपराध पर नियंत्रण नहीं कर पा रही, तो ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस और अन्य नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के सरकार पर आरोप… हुड्‌डा ने सरकार की तीन योजनाओं पर घेरा… पेंशन और राशन कार्ड : हुड्डा ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बड़ी संख्या में पेंशन और राशन कार्ड बनाए गए, लेकिन सरकार बनने के बाद लाखों राशन कार्ड काट दिए गए। उन्होंने कहा कि संसद में दिए गए जवाब के अनुसार हरियाणा में करीब 14 लाख राशन कार्ड रद्द किए गए। परिवार पहचान पत्र : उन्होंने परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) पर कहा कि इसके माध्यम से पेंशन और राशन काटे जा रहे हैं। हमारे समय में सेल्फ डिक्लेरेशन पर पेंशन मिलती थी। यह सम्मान पेंशन है, इसे बंद करना गलत है। फसलों पर समर्थन मूल्य : किसानों के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि सरकार 24 फसलों पर एमएसपी देने का दावा करती है, लेकिन हरियाणा में उगाई जाने वाली 24 फसलों के नाम बताए जाएं। उन्होंने खाद के बोरे का वजन घटाकर कीमत समान रखने का आरोप भी लगाया।