फॉरेस्ट ऑफिसर डेढ़ लाख रिश्वत लेता पकड़ा:करनाल में फार्म हाउस के रास्ते के नाम पर मांगे, पेड़ काटने का आरोप लगाया

Spread the love

हरियाणा के करनाल में एक फॉरेस्ट ऑफिसर को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। अधिकारी फार्म हाउस के लिए रास्ता बना रहे किसान को डरा-धमकाकर पैसे मांग रहा था। असंध एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर रात आरोपी को पकड़ लिया। रातभर उससे पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि वह किसान पर पेड़ काटने का आरोप लगा डरा रहा था। इसका खुलासा शनिवार दोपहर बाद हुआ जब ACB आरोपी का मेडिकल कराने सिविल अस्पताल लाई। इसके बाद उसे कोर्ट में भी पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। किसान को कब्जे और पेड़ काटने का डर दिखाया ACB इंस्पेक्टर सुलतान सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांदवीर के रूप में हुई है। वह वन विभाग में फॉरेस्ट ऑफिसर है। असंध के जींद रोड पर एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस बनाना चाहता था। उसने रास्ता बनाने के लिए जमीन की सफाई करवाई। इसी दौरान चांदवीर वहां पहुंचा और किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने व पेड़ काटने का आरोप लगाया। 15 लाख जुर्माने लगने की बात कही इंस्पेक्टर ने आगे बताया कि आरोपी ने किसान को डराया और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। चांदवीर ने JCB से फार्म हाउस के सामने गड्ढे खुदवा दिए और कहा कि उस पर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगेगा। डर के चलते किसान ने बातचीत की, जिसके बाद मामला डेढ़ लाख रुपए में तय हुआ। आरोपी लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था। ACB ने पाउडर लगाकर नोट दिए इंस्पेक्टर के मुताबिक, किसान ने इसकी शिकायत दी थी। चांदवीर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के तहत रिश्वत की राशि के नोटों पर पाउडर लगाया गया और कुछ नोटों के नंबर भी दर्ज किए गए। शुक्रवार रात को चांदवीर ने किसान को असंध रोड स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर बुलाया। चांदवीर वहां पहले से ही मौजूद था। डेढ़ लाख रुपए लेते ही दबोचा ऑफिस में किसान ने चांदवीर को डेढ़ लाख रुपए दिए तो ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। इस मामले में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी पैसे की मांग करे तो तुरंत शिकायत करें।