हरियाणा के 6 जिलों में कोहरे का अलर्ट, शीतलहर जारी:राजस्थान बॉर्डर के इलाकों में जमेगा पाला; तापमान 1.6 डिग्री पहुंचा, हिसार सबसे ठंडा

Spread the love

हरियाणा में शीतलहर लहर चल रही है, अधिकतर जिलों में धूप खिली है। इसके चलते कोहरे से लोगों को राहत मिली है। हरियाणा के राजस्थान से लगते इलाकों में पाला भी जम रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार को राज्य के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड होगी। जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है। IMD की चेतावनी के अनुसार, 25 जनवरी को प्रदेश के 7 जिलों में पाला जम सकता है। इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखीदादरी शामिल हैं। इसके अलावा 6 जिलों में गहरा कोहरा पड़ने का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इसमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल और पंचकूला शामिल हैं। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात (नूंह), पलवल और चरखी दादरी में हल्की धुंध पड़ सकती है। शीतलहर से दिन का तापमान गिरा
वहीं, शीतलहर के कारण हरियाणा में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि धूप खिलने से राहत मिली, मगर ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाए रखी। IMD के अनुसार, 24 जनवरी को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस करनाल के इंद्री रेस्ट हाउस क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 15.4 डिग्री, रोहतक में 15.7 डिग्री और गुरुग्राम में करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। 25 जनवरी को भी अधिकतम तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच ही रहने का अनुमान है। रात का तापमान जमाव बिंदू की ओर
प्रदेश में रात का तापमान लगातार गिरावट पर है और ठंड का असर तेज होता जा रहा है। 24 जनवरी को हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस हिसार में रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात और सुबह कड़ाके की ठंड महसूस की गई। करनाल में 4 डिग्री, रोहतक में 6 डिग्री और भिवानी में 3 डिग्री के आसपास रहा। कई जिलों में रात के समय पाला पड़ने जैसी स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी की रात भी ठंडी रहेगी। अब आगे कैसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर के अनुसार, हरियाणा में आज राजस्थान के साथ लगते इलाकों में पाला जमने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में आज और गिरावट आ सकती है। इसके बाद 26 शाम से मौसम में फिर बदलाव होगा। एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27 जनवरी को हरियाणा के अधिकतर इलाकों में बारिश होगी। इसके बाद 28 जनवरी के बाद फिर से हवाएं बदलेंगी और ठंड का दौर फिर से शुरू हो जाएगा।