हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की मांग पर हरियाणा सरकार ने हिसार से नांदेड़ साहिब के लिए एक दिवसीय विमान सेवा शुरू की है। यह विमान रविवार को दोपहर 3:40 बजे हिसार एयरपोर्ट से रवाना होगा जो शाम 6:55 बजे नांदेड साहिब पहुंचेगा। करीब सवा 3 घंटे में फ्लाइट महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में पहुंचेगी। यहां गुरु गोबिंद सिंह हवाई अड्डे से श्रद्धालु श्री हजूर साहिब नांदेड़ गुरुद्वारे जाएंगे। इस फ्लाइट की बुकिंग फुल हो चुकी है। एलायंस एयर की तरफ से फ्लाइट संचालन की जानकारी वेबसाइट पर दी गई है। हालांकि बुकिंग फुल होने के बाद इसमें बुकिंग ऑप्शन को हटा दिया गया है। इस फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने हिसार एयरपोर्ट पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष जगदीश झिंडा समेत कमेटी के और भी सदस्य मौजूद रहेंगे। बता दें कि हिसार से नांदेड़ साहिब की दूरी करीब 1,475 km है और यह महाराष्ट्र के नांदेड साहिब में है। इसलिए नांदेड़ साहिब की है मान्यता
तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ शहर के सबसे पवित्र और ऐतिहासिक गुरुद्वारों में से एक है और सिख धर्म के पांच प्रमुख तख्तों में शुमार है। यह वह पवित्र स्थान है जहां दसवें सिख गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने 1708 ईस्वी में अंतिम सांस ली थी । इसलिए, सिख धर्म में इस स्थल का विशेष महत्व है। इसे दक्षिण भारत का प्रमुख सिख तीर्थस्थल माना जाता है और इसके गहन आध्यात्मिक महत्व के कारण इसे “दक्षिण की काशी” भी कहा जाता है। श्री गुरु गोविंद सिंह जी की स्मृति में यहां एक भव्य और कलात्मक रूप से निर्मित गुरुद्वारा बनाया गया है।
हिसार से नांदेड़ साहिब कल जाएगी फ्लाइट:हरियाणा गुरुद्वारा सिख प्रबंधन कमेटी ने की थी मांग, दोपहर 3:40 बजे उड़ान भरेगी
