एसपी ने बताया कि जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और विदेश से अपने गैंग को हैंडल कर रहे प्रिंस खान ने एक दूसरे से हाथ मिला लिया है। जेल के बाहर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा इस खतरनाक गठजोड़ वाले गैंग को संभाल रही थी। राजधानी रांची में हाल के दिनों में जो भी रंगदारी के कॉल प्रिंस खान के नाम पर किए गए थे। वह इस गठजोड़ का ही परिणाम था। यहां तक कि कोयलांचल शांति सेना को भी रिया सिन्हा के जरिये संचालित किया जा रहा था। रांची पुलिस के जरिये सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं चार अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गहराई से पूछताछ करने पर गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गैंग के पास हथियार और गोली पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से मोगा (पंजाब) के रास्ते आता है, उसी हथियार से रांची सहित देश के विभिन्न स्थानों पर बड़े-बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों एवं व्यवसायियों में दहशत फैलाकर रंगदारी की वसूली करते हैं।
उन्होंने बताया कि रांची में इनामुल हक उर्फ बबलु खान अपने गुर्गों के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के लिए लेवी वसूली का काम करते हैं। इन लोगों के के जरिये वसूली गयी राशि को सुजीत सिन्हा के गुर्गों की मदद से प्रिंस खान तक पहुंचाया जाता था, जिसे प्रिंस खान की ओर से यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया जाता था। इसका उपयोग अवैध हथियार की खरीदारी और अन्य अवैध कार्यों में पाकिस्तान में मौजूद उनके गुर्गों की ओर से किया जाता है।
एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में डीएसपी सदर संजीव बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास, बसंत कुमार, अभय कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
