इंदौर , 12 दिसंबर । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 बीएलसी घटक के अंतर्गत चयनित 74 हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 74 लाख रुपये दिए गए हैं। इस राशि का वितरण जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने शुक्रवार को सांवेर में आयोजित कार्यक्रम में स्वीकृति पत्र के माध्यम से किया। प्रत्येक हितग्राही को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। सांवेर नगर परिषद में 98 हितग्राहियों का चयन किया गया है। इनमें से प्रथम DPR के अनुसार चयनित 74 पात्र हितग्राहियों को उनके आवास निर्माण हेतु प्रथम किश्त की राशि दी गई।
मंत्री सिलावट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम जनता को सीधी राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। हाल ही में बढ़ती शिकायतों को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों का दौरा कर समस्याओं की समीक्षा की है तथा पानी, सड़क, बिजली, सफाई और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “जनता के सपनों को पूरा करने वाली सरकार” है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में “डबल इंजन की सरकार” समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मंत्री सिलावट ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों का पक्का मकान का सपना साकार हुआ है। सांवेर नगर पंचायत क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लगभग 13 करोड़ रुपये के आवास स्वीकृत किए गए हैं। अब तक सांवेर नगर परिषद में 563 पात्र हितग्राहियों को राशि जारी की गई है, जिससे वे अपना मजबूत और सुरक्षित घर बना सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के दो साल बेमिसाल रहे हैं। इन वर्षों में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। नर्मदा परियोजना, सड़क, पानी, बिजली एवं शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम हुए हैं।
सिलावट ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में देश में नंबर वन है और सांवेर भी स्वच्छता एवं विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे एक लाख की राशि से अपने आवास का निर्माण समय पर गुणवत्तापूर्ण रूप से कराएं और अपने सपनों का पक्का घर शीघ्र पूर्ण करें। कार्यक्रम में भारत सिंह चौहान, सुरेश सिंह पंवार धनखेड़ी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष संदीप चांगेडीया, कुलवंत सिंह गांधी, अध्यक्ष जितेंद्र प्रजापत, मोहन खंडेलवाल, सुभाष जैन, रायसिंग डाबी, जयदीप कानूनगो, अमित लोबानिया, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नगर पंचायत पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
