एमपी BJP मीडिया प्रभारी के ड्राइवर पर फायरिंग,3 घायल:ग्वालियर में रामनवमी पर मंदिर में गाना बजाने पर बवाल; आरोपी भाई-बहन और पिता ने चलाई गोलियां

Spread the love

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार शाम बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के ड्राइवर समेत 3 लोगों पर फायरिंग हुई। माता मंदिर पर गाना बजाने को लेकर पड़ोसी भड़क उठे। कहासुनी के बाद गोली चला दी। मामला मुरार थाना क्षेत्र के अल्पना टॉकीज के पास का है। जानकारी के मुताबिक, संतोष कुमार पांडे आशीष अग्रवाल के ड्राइवर हैं। घटना में संतोष पांडे, उनके भाई आकाश पांडे और राजकुमार पांडे घायल हुए हैं। आकाश के चेहरे और आंख के पास चोट आई है, जबकि अन्य दोनों के हाथ में चोट लगी है। सभी घायलों का इलाज जारी है। ये तीन तस्वीरें देखिए… रामनवमी पर मंदिर में चल रहा था आयोजन शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर संतोष पांडे के घर के सामने स्थित माता मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन चल रहा था और साउंड सिस्टम पर माता के भजन बज रहे थे। पास ही फायर ब्रिगेड का सब स्टेशन था, जहां कर्मचारी सुनील कुमार मौजूद था। इसी दौरान पड़ोसी भूरा और उसका पिता पप्पी वहां पहुंचे। साउंड सिस्टम बंद कराने को लेकर सुनील से गाली-गलौज कर मारपीट की। सुनील अपने ऑफिस पहुंचकर साथी पवन को जानकारी देने लगा, तभी हमलावर वहां भी पहुंचकर धमकी देने लगे। इसके बाद दोनों दोबारा मंदिर पहुंचे और वहां बैठी महिलाओं से अभद्रता करने लगे। इसी दौरान संतोष पांडे घर पहुंचे और उन्होंने विरोध किया। इस पर भूरा, उसका पिता और बहन रीना उनसे भिड़ गए। कट्टे और बंदूक से 4 राउंड फायरिंग, 3 घायल विवाद बढ़ने पर भूरा कट्टा लेकर आया, जबकि उसकी बहन रीना ने घर की बालकनी से बंदूक से गोली चलाई। दोनों ने कुल चार राउंड फायर किए। इस दौरान संतोष पांडे के हाथ में छर्रे लगे, आकाश पांडे के चेहरे और आंख के पास चोट आई, जबकि राजकुमार पांडे के हाथ में गोली लगी। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़ा घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर उनका कट्टा छीन लिया। पुलिस को सूचना दी। मौके से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने भूरा, उसके पिता पप्पी रजक और एक महिला को हिरासत में लिया है। मामले में मुरार थाने की प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि संतोष पांडे आशीष अग्रवाल के साथ रहते हैं। कभी-कभी वे गाड़ी चलाते हैं, तो कभी-कभी बंदूक रखते हैं। वे कभी-कभार पर्सनल असिस्टेंट की भूमिका भी निभाते हैं। वे PSO नहीं हैं। इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात एएसपी ग्वालियर जयराज कुबेर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल और आरोपी एक ही मोहल्ले में पास-पास रहते हैं, जिससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।