यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव कोट मुस्तरका में रविवार रात एक फर्नीचर शोरूम मालिक पर सरेआम पिस्तौल से फायरिंग कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने पहले हंगामा किया और फिर एक राउंड फायर कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छछरौली थाना पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। गिरेबान पकड़कर छाती पर रखी पिस्तौल पीड़ित शोरूम मालिक सोहेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे वह अपने शोरूम के बाहर खड़ा था। तभी पास खड़े तीन युवक जोर-जोर से हंगामा कर रहे थे। जब उसने उनसे कारण पूछा, तो कोट मुस्तरका निवासी सार्थक ने अपने पास से पिस्तौल निकालकर फकीर माजरा निवासी नसीम को दे दी, जो पास ही रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता है। आरोप है कि नसीम ने अचानक सोहेल की ओर पिस्तौल तानकर एक राउंड फायर कर दिया। फायरिंग होते ही सोहेल जान बचाकर शोरूम के अंदर भाग गया। इसके बाद तीनों युवक शोरूम में घुस आए और वहां काम कर रहे कर्मचारी अकरम का गिरेबान पकड़कर उसकी छाती पर पिस्तौल रख दी। जान से मारने की धमकी देकर हुए फरार आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा उनसे बहस की तो जान से मार देंगे। इसके बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच अधिकारी वेदपाल ने बताया कि शोरूम मालिक की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
यमुनानगर में फर्नीचर शोरूम मालिक पर फायरिंग, भागकर बचाई जान:गिरेबान पकड़कर छाती पर रखी पिस्तौल, जान से मारने की धमकी देकर फरार
