सिरसा जिले में पूर्व सरपंच के भाई पर फायरिंग कर दी गई। घटना में पूर्व सरपंच का भाई बाल-बाल बच गया। परिजनों ने मौके पर ही एक युवक को पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। मगर दो अन्य आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर चौपटा पुलिस ने मौके पर पहुंची और हमलावरों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव कैंरावाली में देर रात की है। मामले में पूर्व सरपंच ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस हमले के पीछे की वजह और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। वहीं, घायल युवक को पुलिस ने सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है, जिसके बाद में बयान दर्ज किए जाएंगे। सूत्रों की मानें तो इनका आपस में पुरानी रंजिश है। इसी के चलते यह विवाद हो गया। अभी एक पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी है। घायल युवक की शिकायत मिलने के बाद मामले का पूरा पता चल पाएगा। आरोपी राजकुमार को पकड़ने के दौरान परिजनों द्वारा उसकी पिटाई की गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी राजकुमार को चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती करवाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिरसा रेफर कर दिया गया है। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुन उठे पुलिस को दी शिकायत में गांव कैंरावाली के पूर्व सरपंच रमेश कुमार के भाई सुरेश कुमार बताया कि बीती रात करीब साढ़े 12 बजे तीन व्यक्ति एक ब्लैक रंग की गाड़ी में सवार उनके घर पहुंचे। रात में गाड़ी आने और दरवाजा खटखटाने की आवाजें सुनी, तो परिवार के सदस्य उठ गए। सुरेश कुमार ने दरवाजा खोला, तो आदमपुर का राजकुमार ने उनसे गांव माखोसरानी का रास्ता पूछा। शोर मचाने पर हमलावर पैदल फरार सुरेश कुमार ने बताया कि बातचीत के दौरान अचानक राजकुमार ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। अच्छा रहा कि वह गोली उसे नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग बाहर आ गए। शोर मचने पर आरोपी घबरा गए। परिजनों ने राजकुमार को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ आए दो अन्य आरोपी मौके से पैदल ही भाग निकले। फरार होते समय आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी छोड़ गए।
सिरसा में पूर्व सरपंच के भाई पर फायरिंग:परिजनों ने एक हमलावर को पकड़कर पीटा, स्कोर्पियों भी पकड़ी
