सोनीपत जिले के गैंगस्टर काला जठेड़ी के गांव में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां बदमाशों ने खेतों की ओर जा रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सरकारी अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। खेत जाते समय रास्ते में किया गया हमला
जानकारी के अनुसार गांव जठेड़ी निवासी अशोक उर्फ भूरा ट्रैक्टर से अपने खेतों की ओर जा रहा था। जैसे ही वह केएमपी के नीचे पुरानी खान के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर अचानक गोलियां चला दीं। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में अस्पतालों के बीच रेफर
गोली लगने से अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत सोनीपत के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है।
तीन साल पुराने मर्डर केस से जुड़ी रंजिश
बताया जा रहा है कि यह हमला तीन साल पुरानी रंजिश का नतीजा है। जानकारी के मुताबिक सुंदर के भतीजे और राज के बेटे राजा की तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मर्डर केस में अशोक उर्फ भूरा पर आरोप लगे थे और वह सजा काट रहा था। कुछ समय से वह जमानत पर बाहर आया हुआ था। गैंगवार की आशंका, तीन युवकों पर आरोप
इसी पुरानी रंजिश के चलते गांव में गैंगवार की स्थिति बनने की बात सामने आ रही है। फायरिंग की इस घटना में विनोद उर्फ काला, चिराग और नितिन पर गोलियां चलाने के आरोप लगे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश
फिलहाल पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सोनीपत में खेत जा रहे व्यक्ति पर फायरिंग:3 साल पहले हुए मर्डर की रंजिश में वारदात; गंभीर हालात में रेफर
