नारनौल में जमीनी विवाद में फायरिंग:घर के बाहर चलाई 10 राउंड गोलियां, सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाया, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

हरियाणा में नारनौल के रामबास गांव में जमीन विवाद को लेकर रविवार शाम को दो गाड़ियों में आए लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की सूचना मिलने पर गांव में पुलिस पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के बयान लिए। मौके का डीएसपी ने भी निरीक्षण किया। गांव रामबास निवासी वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके घर पर 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। उसने बताया कि यह पूरा मामला उनके परिवार के पुराने जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। उनके भाई ने पहले अपनी जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया था और हाल ही में बचा हुआ हिस्सा भी किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। सरसों की फसल को पहुंचाया नुकसान इसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वीरेंद्र सिंह का आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोग खेत में पहुंचे और वहां खड़ी सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाया। जब वे खेत पर मौजूद नहीं मिले तो आरोपी सीधे उनके घर पहुंच गए और वहां अंधाधुंध फायरिंग कर दी। 8 से 10 राउंड चलाई गोली वीरेंद्र सिंह के अनुसार, 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि यह इलाका खुला होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कोई भी घायल नहीं हुआ। इस घटना से परिवार बाल-बाल बच गया। दिल्ली पुलिस के जवान पर शक पीड़ित ने गांव के ही कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का संदेह जताया है। उन्होंने प्रदीप, जो वर्तमान में दिल्ली पुलिस में कार्यरत है, तथा उसके भाइयों रविंद्र सहित अन्य लोगों के नाम लिए हैं। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की है। मौके पर पहुंचे डीएसपी घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भारत भूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायरिंग स्थल से खोखे व अन्य सबूत एकत्र किए। वीरेंद्र सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वीरेंद्र सिंह ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनका एक ही बेटा है, जो वर्तमान में भारतीय सेना में सेवारत है। उन्होंने प्रशासन से जल्द न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।