फरीदाबाद के सदर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास फफूंड़ा गांव में एक लगन-सगाई समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत एक युवक ने कार्यक्रम के बीच तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोग घबरा गए, जबकि आरोपी युवक अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित सतवीर ने बताया कि उनके छोटे भाई तुषार की यूपी से लगन-सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। लगन के बाद खाने का कार्यक्रम शुरू हुआ ही था कि पड़ोस में रहने वाला मनु उर्फ मनजीत अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। दोनों ने शराब का नशा किया हुआ था। आरोप है कि मनु अपने हाथ में बंदूक लेकर आया और गली को बंद करते हुए अचानक तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इस दौरान उसने गाली-गलौज की और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को धमकाया। लोगों में मचा हड़कंप, आरोपी फरार सतवीर के अनुसार, घटना रात करीब 10:15 बजे की है। उन्होंने बताया कि मनु को कई बार शांत रहने के लिए कहा गया, लेकिन वह नहीं माना। जब उसने बंदूक निकालकर फायरिंग शुरू की तो वहां मौजूद लोग डर गए। कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह अपने साथी के साथ मौके से भाग निकला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बरामद किए तीन खाली खोल सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बंदूक से चले तीनों खाली खोल बरामद कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस सदर थाना प्रभारी समीर कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से लगन-सगाई समारोह में हवाई फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच में पता चला कि पड़ोस में रहने वाले मनजीत नाम के युवक ने कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फरीदाबाद में सगाई समारोह में फायरिंग, मचा हड़कंप:नशे में था युवक, जान बचाने के लिए भागे लोग; गोलियों के तीन खोल मिले
