कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में बीती रात म्यूजिक बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी के घर पर फायरिंग कर दी। आरोपियों ने 5 राउंड फायर किए। घटना के बाद से परिवार डरा हुआ है। उधर, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, लाडवा के वार्ड-11 की संगम मार्केट में नेपाल मूल का कर्ण अपने परिवार के साथ किराए पर रहता है। कर्ण और उसका परिवार यहां लोगों के घर और दुकान में काम करके अपना गुजारा कर रहा है। बीती रात करीब 11 बजे कर्ण ने अपने घर पर म्यूजिक बजा रखा था। पड़ोसी ने धमकाया इससे परेशान होकर उसके पड़ोसी आदी राणा निवासी सहारनपुर यूपी ने कर्ण को म्यूजिक बंद करने के लिए कह दिया। आदी यहां अपनी नानी के पास रहता है। इससे कर्ण और आदी के बीच बहस हो गई। लड़ाई-झगड़ की आशंका को देखते हुए किसी ने डायल-112 को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। रात को कर दी फायरिंग पुलिस टीम ने दोनों के बीच मामला शांत करवाया और उनको अपने-अपने घर भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद आदी ने अपने दोस्तों को अपने घर पर बुला लिया। आरोप है कि रात करीब 2 बजे आदी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्ण के घर पर फायरिंग कर दी। आरोपी ने 5 राउंड फायर किए, लेकिन गनीमत रही किसी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद आरोपी फरार आरोपी युवकों ने परिवार को जान से मारने की धमकियां दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार काफी डर गया और पुलिस को सूचना दी। उधर, थाना लाडवा SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से 5 खोल बरामद किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ जारी है।
कुरुक्षेत्र में नेपाली परिवार के घर पर फायरिंग:पड़ोसी ने चलाई 5 गोलियां, म्यूजिक बजाने को लेकर विवाद, दोस्तों संग की वारदात
