गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक के पास लग्जरी गाड़ियों के शोरूम बिग बॉय टॉयज पर देर शाम बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। शूटरों ने रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी कंपनी के मालिक की कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई। घटना के वक्त बीपीटीपी कंपनी के मालिक कार में मौजूद नहीं थे। फायरिंग में ड्राइवर राजस्थान निवासी राजपाल गोलियों के छर्रे लगने से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती करवाया। फायरिंग में शोरूम का शीशे का दरवाजा टूट गया है। जबकि कई लग्जरी गाड़ियों के शीशे भी टूट गए हैं। इस संबंध में सेक्टर-37 थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तार
बताया जा रहा है कि बीपीटीपी के मालिक को अक्तूबर 2024 में भाऊ गैंग की ओर से धमकी दी गई थी। गैंग की तरफ से कई करोड़ रुपए की एक्सटॉर्शन मांगी गई थी। इस संबंध में सेक्टर-37 थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। बाइक पर सवार होकर आए शूटर शनिवार की देर शाम करीब सात बजे एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने हीरो होंडा चौक के पास फायरिंग की। हालांकि वारदात के समय बीपीटीपी कंपनी मालिक कार में मौजूद नहीं थे। पुलिस जांच कर रही हालांकि जांच अधिकारी का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि गोली भाऊ गैंग की ओर से चलवाई गई है या अन्य किसी गैंग के सदस्य हैं। अक्तूबर 2024 में दर्ज हुए मामले को लेकर भी जांच की जा रही है। तीन आरोपियों की पहचान पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक व नीरज के रूप में हुई है। फायरिंग करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
गुरुग्राम में लग्जरी कार शोरूम बिग बॉय टॉयज पर फायरिंग:हिमांशु भाऊ गैंग पर आरोप, रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी मालिक की कार बनाई निशाना, ड्राइवर घायल
