समालखा में दुकान पर फायरिंग, 1 करोड़ फिरौती मांगी:शीलू डाहर के नाम से थमाई पर्ची देकर धमकाया; टूटा कांच लगने से दुकानदार घायल

Spread the love

पानीपत जिले के समालखा की पुरानी गुड़ मंडी में मंगलवार रात करीब 9 बजे तीन बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने एक मिठाई की दुकान पर चार गोलियां चलाईं और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। गोली लगने से दुकान के शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े लगने से दुकानदार की आंख घायल हो गई। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना राजेंद्र मित्तल की ‘गाजरपाक वाले’ नामक दुकान पर हुई, जहां उनके बेटे मनोज मित्तल काउंटर पर बैठे थे। मनोज के अनुसार, दो युवक बर्फी खरीदने के बहाने दुकान पर आए और उन्हें एक पर्ची थमा दी। पर्ची में लिखा था—“मैं शीलू डाहर हूं, तेरे से एक करोड़ रुपए चाहिए। तेरे पास दो दिन का समय है। नहीं दोगे तो मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा या कहीं भी जा, पैसे देने से ही काम चलेगा।”पर्ची के नीचे ‘सुनील डाहर’ लिखा था। पर्ची देने के कुछ ही देर बाद तीन युवक बाइक पर आए और दुकान के अंदर बैठे मालिक पर चार गोलियां चला दीं। दो युवकों ने एक-एक गोली चलाई, जबकि तीसरे ने दो गोलियां दागीं। गोलियां सीधे दुकानदार को नहीं लगीं, लेकिन शीशे टूटने से कांच के टुकड़े उनकी आंख में जा लगे, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस की कार्रवाई और जांच दुकान के नौकर ने तुरंत मनोज के परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी नरेंद्र कादियान, थाना प्रभारी गुलशन, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार और तीनों सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली खोल बरामद किए और घायल दुकानदार को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि गुड़ मंडी में दुकानदार पर गोली चलाने और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों रंगदारी मांगने वाले और तीनों फायरिंग करने वाले युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीनों सीआईए, एएनसी स्टाफ, थाना और चौकी पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।