करनाल जिले के नीलोखेड़ी के पास दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रक में स्क्रैप भरा हुआ था, जिसमें छोटे-छोटे डिब्बे भी थे। इन डिब्बों में बचे हुए पेंट, स्प्रे और अन्य केमिकल के कारण बीच-बीच में छोटे धमाके होते रहे। घटना के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वाहन चालकों को झेलनी पड़ी परेशानी वाहन चालक सुशील कुमार, विवेक, विष्णु, रोहन और अन्य ने बताया कि वे काफी देर तक जाम में फंसे रहे। उनके वाहन काफी दूर खड़े थे क्योंकि आगे ट्रक में आग लगी हुई थी। आग बुझने के बाद ही यातायात बहाल हो सका। इस हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित बच गया। समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। केमिकल डिब्बों से होते रहे धमाके मौके पर पहुंचे एएआई बलवान सिंह ने बताया कि ट्रक में स्क्रैप के साथ खाली डिब्बे थे, जिनमें थोड़ा बहुत स्प्रे या केमिकल बचा हुआ था। इसी वजह से लगातार छोटे-छोटे धमाके हो रहे थे। इससे आसपास खड़े लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हाईवे पर लंबा जाम, ट्रैफिक डायवर्ट आगजनी के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हालात को संभालते हुए ट्रैफिक को सर्विस रोड पर डायवर्ट कर दिया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया।
करनाल में हाईवे पर लोडेड ट्रक में लगी आग:स्क्रैप के डिब्बों में धमाके से हड़कंप; ट्रैफिक सर्विस रोड पर डायवर्ट
