उत्तर प्रदेश महिला अयाेग के उपाध्यक्ष की माँ समेत पाँच लोगों पर एफआईआर दर्ज

Spread the love

लखनऊ, 19 सितम्बर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम भूमि घोटाले में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव की माँ अम्बी बिष्ट समेत पाँच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की समधन और छोटी बहू अपर्णा यादव की माँ अम्बी बिष्ट के खिलाफ विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। अम्बी बिष्ट उस समय सम्पत्ति अधिकारी थीं। उनके अलावा, लखनऊ विकास प्राधिकरण के तत्कालीन अनुभाग अधिकारी वीरेंद्र सिंह, तत्कालीन उप सचिव देवेंद्र सिंह राठौर, तत्कालीन वरिष्ठ कॉस्ट अकाउंटेंट बी. महादानी और तत्कालीन अवर वर्ग सहायक शैलेंद्र कुमार गुप्ता का भी नाम है।

विजिलेंस की एफआईआर के अनुसार, इन सभी पर जानकीपुरम स्थित प्रियदर्शिनी भूखंड योजना में अनियमितताओं का आरोप है। वर्ष 2016 में, सरकार ने जानकीपुरम योजना के तहत भूखंडों के पंजीकरण और आवंटन में हुई अनियमितताओं की जांच सतर्कता विभाग को सौंपी थी।

इसके तहत, लखनऊ विकास प्राधिकरण के तत्कालीन लिपिक मुक्तेश्वर नाथ ओझा की भूमिका की जाँच होनी थी। जाँच के दौरान इन सभी के नाम सामने आए। जाँच के दौरान मिले साक्ष्य और रिपोर्ट शासन को भेजकर मुकदमा दर्ज करने की अनुमति माँगी गई थी। अब शासन से अनुमति मिलने के बाद विजिलेंस ने अम्बी बिष्ट समेत अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के मामले में मुकदमा दर्ज किया है।