फरीदाबाद एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीज के परिजनों और अस्पताल के स्टाफ के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह वीडियो कई दिन पुराना बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति मरीज के साथ अस्पताल के काउंटर पर खड़ा होकर स्टाफ से शिकायत कर रहा है कि मरीज को लगातार ब्लड आ रहा है और उसे तुरंत डॉक्टर की आवश्यकता है। वीडियो के कुछ हिस्सों में आवाज स्पष्ट नहीं है, लेकिन इसके बाद काउंटर पर मौजूद महिला डॉक्टर यह कहते हुए नजर आती हैं कि डॉक्टर(मरीज को देख रहे) को सूचना दे दी गई है और इस तरह ऊंची आवाज में बात करने की जरूरत नहीं है। परिजनों ने की डॉक्टर को बुलाने की मांग इस पर मरीज के परिजन सवाल उठाते हैं कि आखिर किस डॉक्टर को जानकारी दी गई है और उसे तुरंत मौके पर बुलाने की मांग करते हैं। परिजन यह भी कहते हैं कि वे खुद भी अस्पताल से जुड़े हुए हैं। इसी बात को लेकर महिला डॉक्टर नाराज हो जाती हैं और कहती हैं कि वे अपनी तरफ से जो कर सकती थीं, कर चुकी हैं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ जाती है। महिला डॉक्टर ने की मोबाइल छीनने की कोशिश वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि वीडियो रिकॉर्ड कर रहे व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की जाती है। इसी दौरान कई महिला कर्मचारी मौके पर पहुंच जाती हैं, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो जाता है। कुछ स्टाफ सदस्यों द्वारा मरीज के परिजन का हाथ पकड़ने की कोशिश करते हुए भी वीडियो में देखा जा सकता है। मरीज की पहचान नहीं हो पाई जिस मरीज को लेकर यह विवाद हुआ, उसकी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। यह मरीज कहां का रहने वाला है और किस बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल आया था, इसका भी पता नहीं चल पाया है। वहीं, जिस महिला स्टाफ सदस्य के साथ परिजनों की बहस हुई, उसके बारे में भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। डीन बोले- जांच करेंगे मामले को लेकर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर कोई कमी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। डीन ने यह भी कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों के इलाज का पूरा प्रयास किया जाता है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में लेडी डॉक्टर- परिजनों के बीच लड़ाई VIDEO:ESIC मेडिकल कालेज में हुआ विवाद, मोबाइल छीनने की कोशिश, पेशेंट को हो रही थी ब्लीडिंग
