अंबाला में भ्रूण लिंग जांच रैकेट का पर्दाफाश:75 हजार में तय हुई बात, प्राइवेट अस्पताल के 2 कर्मचारी अरेस्ट, कुरुक्षेत्र टीम की कार्रवाई

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र की हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने अंबाला में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने अंबाला के 2 प्राइवेट अस्पताल के कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। टीम ने दोनों आरोपी रोहित और मोहित निवासी अंबाला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अंबाला पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। PNDT के इंचार्ज डॉ. रमेश सभ्रवाल ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि अंबाला में कुछ लोग गैरकानूनी तरीके से भ्रूण लिंग जांच करवा रहे हैं। तब टीम ने आरोपी मोहित से संपर्क किया। मोहित गार्डियन अस्पताल में कर्मचारी के तौर पर काम करता था। टीम ने बोगस ग्राहक के जरिए उससे संपर्क किया तो आरोपी ने भ्रूण लिंग जांच करवाने का भरोसा दिलाया। 75 हजार रुपए मांगे इसके बदले उसने 75 हजार रुपए मांगे, जिसमें 20 हजार रुपए एडवांस देने थे। बात तय होने पर मोहित ने नैना नाम की महिला के बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने को कह दिया। नैना खुद खुराना अस्पताल अंबाला में काम करती है। टीम ने 6 फरवरी को 20 हजार रुपये नैना के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। तब मोहित ने जांच के लिए 11 फरवरी का समय दिया। 11 फरवरी को नहीं हुई जांच 11 फरवरी को PNDT टीम के सदस्य तय जगह पर पहुंचे। जहां आरोपी ने कहा कि गर्भवती महिला के पति को साथ लाना जरूरी है। तब टीम ने आरोपी को बगैर बोगस ग्राहक के पति के जांच करवाने के लिए तैयार किया। लेकिन आरोपी ने अगले दिन यानी 12 फरवरी का समय दे दिया। अगले दिन किया स्टिंग ऑपरेशन अगले दिन बोगस ग्राहक तय समय और जगह पर पहुंची तो नैना ने अपने ड्राइवर रोहित को क्रेटा कार में जांच के लिए भेज दिया। रोहित ने बोगस ग्राहक बनी महिला को अपनी कार में लेकर मदान अस्पताल आ गया। यहां पहले एक सामान्य अल्ट्रासाउंड किया गया। इसके बाद आरोपी ने 2 दिन के बाद लिंग की जांच की रिपोर्ट या जानकारी देने की बात कही। 39 हजार कैश हुआ बरामद तभी PNDT टीम ने अस्पताल में दबिश देकर रोहित को मौके पर ही पकड़ लिया गया। रोहित की निशानदेही पर टीम ने मोहित को भी काबू कर लिया। मोहित के पास से टीम को 39 हजार कैश बरामद हुए। पूछताछ में मोहित ने बताया कि बाकी 16 हजार रुपए उसने अपने बैंक अकाउंट में जमा कर दिए। पुलिस कर रही आगामी कार्रवाई PNDT टीम कुरुक्षेत्र ने मामले की जानकारी अंबाला PNDT टीम को दी। दोनों टीमें मिलकर आरोपी मोहित और रोहित को पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस FIR दर्ज कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में और कितने लोग शामिल हैं। साथ ही उनके रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।