कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने बाल संप्रेक्षण गृह के कार्य को 30 सितंबर तक पूर्ण करने, आंगनबाड़ी निर्माण हेतु दूसरी किश्त की राशि जारी करते हुए कार्य में प्रगति लाने, बन्द हो चुकी योजनाओं की राशि को शासन के संचित निधि में जमा कराने, आयुष्मान-व्यवन्दन के अंतर्गत शेष बचे हितग्राहियों के कार्ड बनाने, आत्मानंद विद्यालय अंतर्गत शिक्षको की भर्ती बिना किसी त्रुटि के पारदर्शिता से करने के संबंध में निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वसंत ने डीइओ, डीपीओ और खाद्य विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया किया जिले के सभी आंगनबाड़ी और स्कूलों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता समय पर होने के साथ ही भोजन भी गैस से ही पकाया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री वसंत ने शासन के निर्देशानुसार पुरानी सामग्रियों को विनष्टीकरण के निर्देश दिए। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, जनपद सीईओ कोरबा क्षितिज गुरभेले सहित सभी अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री वसंत ने रेलवे के अधिकारियों के साथ हुई बैठक के पश्चात नेशनल हाइवे, वन विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों को निर्देशित किया कि रेलवे द्वारा कोरबा से अम्बिकापुर के लिए सर्वे कर अलायमेंट तैयार किया जा रहा है। इसलिए भविष्य में योजना तैयार करने के दौरान नई रेल लाइन के वस्तुस्थिति को ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर अजीत वसंत ने सीईओ दिनेश कुमार नाग की उपस्थिति में सभी जनपद सीईओ के कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने ग्राम मातिन में वर्ष 2021 में स्वीकृत सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य अपूर्ण होने पर सचिव का इंक्रीमेंट रोकने और अन्य सभी जनपदों में वर्षों पुराने लंबित कार्यों की सूची तैयार कर सभी को नोटिस जारी करने, इंक्रीमेंट रोकने, सेवा पुस्तिका में दर्ज करने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर श्री वसंत ने जनपद सीईओ के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर अजीत वसंत ने पाली विकासखण्ड के अंतर्गत खनन प्रभावित क्षेत्र ग्राम बुड़बुड़ और करतली में विकास कार्यों के लिए डीएमएफ से राशि की स्वीकृति प्रदान की है।
