करनाल जिले के कर्ण विहार इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी बाइक के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने उसे अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर के पीछे चोट के निशान मिलने और बाइक पर खरोंच न होने से परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक मार्च की सुबह मिला बेहोश करनाल के वकीलपुरा के 30 वर्षीय समीर उर्फ छोटा अपने परिवार के साथ कर्ण विहार में किराए के मकान में रहता था। परिजनों के अनुसार एक मार्च की सुबह समीर अपनी बाइक सहित कर्ण विहार में बेहोशी की हालत में मिला। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिवार को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो वह अचेत पड़ा था। कई अस्पतालों में लेकर गए परिजन परिवार ने तुरंत समीर को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे पहले करनाल के एक निजी अस्पताल और फिर शाहबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर देर शाम डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चोट के निशान से बढ़ा शक परिजनों का कहना है कि अगर हादसा हुआ होता, तो बाइक पर भी खरोंच होती और शरीर पर अन्य चोटें दिखाई देती, लेकिन समीर के सिर के पीछे चोट का निशान मिला है। बाइक भी सामान्य हालत में थी। इसी कारण परिवार को संदेह है कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि प्री-प्लांड हमला हो सकता है। पहले भी हुआ था झगड़ा, मिलती थी धमकियां परिजनों ने बताया कि समीर का पहले कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था और उसे धमकियां भी मिलती थी। उसका एक मामला कोर्ट में भी चल रहा था। परिवार का मानना है कि पुरानी रंजिश के चलते उसे निशाना बनाया गया हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया समीर शादीशुदा था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ईआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्च्युरी हाउस में भेज दिया। ईआरवी के हेड कांस्टेबल ने बताया कि युवक बेहोशी की हालत में मिला था और सिर के पीछे चोट का निशान है। बाइक की स्थिति भी सामान्य है। परिजन हत्या का शक जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
करनाल में दो बच्चों के पिता की मौत:बेहोशी की हालत में मिला, सिर में चोट के निशान; परिजनों को मर्डर का शक
