यमुनानगर जिले में गुरुवार देर शाम एक डंपर की टक्कर से चार बच्चों के पिता की मौत हो गई है। हादसा व्यासपुर थाना क्षेत्र के गांव मारवा कलां के नजदीक हुआ है। व्यक्ति अपने बेटे के साथ काम से घर वापिस लौट रहा था। घायल को एम्बुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव मारवा कला के 60 वर्षीय लछमी चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पुत्र राहुल कुमार की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। सामने से आकर मारी टक्कर राहुल ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है और वे चार भाई बहन हैं। उसके पिता लछमी चंद पुत्र नानक राम भी उसके साथ ही काम करते थे। गुरुवार की देर शाम वह अपने पिता के साथ काम पर से पैदल-पैदल अपनी साईड में चलकर घर जा रहे था। उसका पिता लछमी चंद उसके आगे-आगे करीब 100 मीटर की दूरी पर जा रहा था। शाम को करीब सात बजे जब वह गांव के पास पहुंचे, तो सामने गांव फकीर माजरा की तरफ से एक डंपर ड्राइवर बडी तेज रफ्तार और लापरवाही से अपने डंपर चलाता हुआ आया, जिसने सीधी टक्कर हमारी साईड में आकर उसके पिता लछमी चंद में मारी। मौका पाकर डंपर ड्राइवर फरार टक्कर लगने से उसके पिता को गंभीर चोटें आई। उस समय डंपर का चालक थोड़ी देर के लिए मौका पर रुका था तो उसने डंपर का नंबर नोट कर लिया। बाद में डंपर चालक मौका देखकर वहां से फरार हो गया।राहगीरों की मदद से वह अपने घायल पिता को एम्बुलेंस में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही व्यासपुर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। वहीं मृतक के बेटे की शिकायत पर आरोपी डंपर ड्राइवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुनानगर में 4 बच्चों के पिता की मौत:डंपर ने मारी टक्कर, बेटे के साथ काम से लौट रहा था
