घटना पचोखरा थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव के पास हुई। यहां सोमवार शाम एक रोडवेज बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गढ़ी घिरौली निवासी केशव सिंह चौहान (48) के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी मिथलेश देवी घायल हैं। जानकारी होते ही परिजन भी आ गए। केशव सिंह चौहान के चचेरे भाई आचार्य दिनेश चौहान ने बताया कि मृतक की बेटी आदित्या की शादी 11 दिसंबर को होनी है। सोमवार दोपहर केशव अपनी पत्नी मिथलेश के साथ टूंडला में शादी के कार्ड बांटने गए थे। वह शाम को मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव गढ़ी घिरौली लौट रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए।
उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बस को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।
