फारूक अब्दुल्ला बोले-ऊपर वाले ने मुझे बचाया:मुझे लगा पटाखे की आवाज है; शादी में जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम पर फायरिंग हुई थी

Spread the love

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि ऊपर वाले ने मुझे बचा लिया। मैं एक शादी में शामिल होने गया था और वेन्यू से निकलते समय मैंने कुछ आवाज सुनी, मुझे लगा कि यह पटाखा है। अब्दुल्ला ने कहा कि बाद में मुझे बताया गया कि एक आदमी ने पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं। सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया, जिससे हथियार ऊपर की ओर हो गया और नुकसान होने से बच गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू में फायरिंग की घटना के बाद डॉ. फारूक अब्दुल्ला से फोन पर बात की और उनका हालचाल पूछा। दरअसल, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार रात एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें नहीं लगी। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे। हमलावर बोला- किसी के कहने पर गोली नहीं चलाई फारूक अब्दुल्ला की हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी कमल सिंह जामवाल को जम्मू पुलिस मेडिकल जांच के लिए ले गई। पुलिस के साथ ले जाते समय जामवाल ने कहा- मैंने किसी के कहने पर गोली नहीं चलाई। मैंने अपनी मर्जी से गोली चलाई है। सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना… घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि 70 साल के हमलावर कमल सिंह जामवाल ने पीछे से आकर फारूक के सिर पर रिवॉल्वर तान दी। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर का हाथ हटाया जिससे फायर हवा में हो गया। आरोपी को पकड़ लिया गया है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हमलावर कमल ने पुलिस को बताया- ‘मैं पिछले 20 सालों से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। यही मेरा मकसद था।’ 6 तस्वीरों में देखें पूरी वारदात… हमलावर ने फारूक का पीछा किया सिर पर रिवॉल्वर तानी सिक्युरिटी गार्ड ने कोहनी से रोका हमलावर को भीड़ ने पकड़ लिया हमलावर के साथ मारपीट थाने में हमला करना कबूल किया जम्मू में नेशलन कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन नेशनल कॉन्फ्रेंस के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हाल ही में हुए हमले की निंदा करते हुए जम्मू में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पार्टी के झंडे, प्लेकार्ड और बैनर लिए हुए थे और केंद्र और लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा के नेतृत्व वाले प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने इस घटना को केंद्र शासित प्रदेश में लोकतांत्रिक राजनीति के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक सीनियर नेता ने रैली को संबोधित करते हुए प्रदर्शनकारियों से कहा, हमारे नेता पर हमला मंजूर नहीं है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए। पुलिस बोली- हमलावर के पास कई साल से लाइसेंसी हथियार पुलिस के मुताबिक, हमलावर पिछले कई सालों से लाइसेंसी हथियार इस्तेमाल कर रहा है। फारूक अब्दुल्ला, सुरिंदर चौधरी और दूसरे बड़े नेता नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सुरजीत सिंह के बेटे की शादी में शामिल हुए थे। हमलावर सुरजीत सिंह का कजिन है। वह बिजनेसमैन है और उसकी पुराने शहर में कुछ दुकानें हैं।
CM उमर बोले- Z+ सिक्योरिटी में कोई करीब कैसे आया फारूक के बेटे और जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला ने X पर लिखा कि एक आदमी लोडेड पिस्टल लेकर पॉइंट-ब्लैंक रेंज में आ गया और गोली चला दी। अल्लाह का शुक्र है कि मेरे पिता बाल-बाल बचे। सवाल उठता है कि कोई Z+ NSG प्रोटेक्टेड पूर्व CM के इतने करीब कैसे पहुंच गया। घटना के बाद डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने कहा- पुलिस से पूछना चाहिए कि रॉयल पार्क में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई। वहां लोकल पुलिस से कोई नहीं था। यह बहुत बड़ी सिक्योरिटी चूक है। फारूक अब्दुल्ला 3 बार CM रह चुके हैं डॉं फारूक जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष हैं। वे तीन बार जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके पिता शेख अब्दुल्ला भी मुख्यमंत्री थे। फारूक के बेटे उमर अब्दुल्ला अभी राज्य के मुख्यमंत्री हैं। फारूक ने मेडिकल की पढ़ाई की और कुछ समय तक डॉक्टर के रूप में काम किया, लेकिन बाद में वे राजनीति में आ गए और अपने पिता की पार्टी से जुड़कर सक्रिय राजनीति करने लगे। सीएम के रूप में फारूक का पहला कार्यकाल 1982 से 1984 तक रहा। 1986 से 1990 तक वे दूसरी बार और 1996 से 2002 तक तीसरी बार मुख्यमंत्री रहे। वे लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। अब्दुल्ला 2009 से 2014 तक केंद्रीय ऊर्जा मंत्री भी रह चुके हैं। ————————————– ये खबर भी पढ़ें… पंजाब में AAP नेता की 6 गोलियां मारकर हत्या:जालंधर में गुरुद्वारे के बाहर हमला पंजाब के सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सतिंदर पाल सिंह जोगी उर्फ लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी को जालंधर में सरेआम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। स्कूटी पर आए दो युवकों ने उन्हें 6 गोलियां मारीं। इनमें से 5 गोलियां ओबरॉय के सीने और एक सिर में लगी। पूरी खबर पढ़ें… अमृतसर के मैरिज पैलेस में AAP सरपंच की हत्या:शादी समारोह में मुंह ढके बिना आए हमलावर पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़ें…