अंबाला में मिला विस्फोटक, 3 आरोपी गिरफ्तार:RDX होने की आशंका, इलाका किया सील; STF-बम निरोधक दस्ता कर रहे जांच

Spread the love

अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र में संदिग्ध विस्फोटक मिलने की खबर सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। बराड़ा रोड को एहतियात के तौर पर पूरी तरह बंद कर दिया गया है और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बाइक सवार 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके बैग से विस्फोटक बरामद किया गया है। एसटीएफ और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे हैं और लोगों को मौके से दूर रहने की सलाह दी गई है। जानकारी के अनुसार बराड़ा रोड के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी। प्रारंभिक जांच में करीब दो किलो आरडीएक्स होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्पेशल टास्क फोर्स और जिला पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बम निरोधक दस्ता भी जांच में जुटा हुआ है। पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं। STF ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया अंबाला STF ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे लगभग 2 किलो विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ है, ये तीनों बराड़ा से अंबाला की तरफ जा रहे थे। जिन्हें STF अंबाला की टीम ने रास्ते में ही सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक बैग बरामद हुआ था जिसकी तलाशी लेने पर उसमें से विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए इनकी मात्रा लगभग 2 किलो है। बाइक पर ले जा रहे थे इन तीन आरोपियों की उम्र लगभग 20 से 25 साल के बीच में है ये तीनों बाइक पर जा रहे थे और ये बाइक आरोपी जगवीर की है। इन तीन आरोपियों में से एक गांव कंबासी दूसरा अजमेर और तीसरा मेरठ का रहने वाला है। इन तीन आरोपियों से अभी आगे की जांच की जाएगी कि आखिर इनका मकसद किया था क्यों यह विस्फोटक सामान लेकर घूम रहे थे और किस घटना को अंजाम देने वाले थे। जनवरी में बलदेव नगर थाने में हुआ था धमाका
इससे पहले जनवरी में अंबाला के बलदेव नगर थाना परिसर में खड़ी एक कार में दो बार धमाके हुए थे। डीएल-3सीएजेड-6651 नंबर की कार में यह धमाके हुए थे। उस समय करीब 250 पुलिसकर्मी गणतंत्र दिवस की तैयारियों के तहत एयरफोर्स स्टेशन के पास सघन तलाशी अभियान में लगे हुए थे। कार में मिले थे एलपीजी सिलेंडर
घटना के बाद बलदेव नगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कार के अंदर 5-5 किलो के 3 एलपीजी सिलेंडर मिले थे और तीनों पर रेगुलेटर लगे हुए थे। एसपी के निर्देश पर खाली कराया गया था थाना
कार में पहले शाम के समय आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसे पुलिसकर्मियों ने सामान्य मानकर बुझा दिया था। लेकिन उसी रात करीब 8 बजे एसपी ने बलदेव नगर थाने में फोन कर तुरंत थाना खाली करने के निर्देश दिए थे। बताया गया कि एसपी को किसी व्यक्ति ने कार से जुड़ा एक वीडियो भेजा था, जिसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठा।