जबलपुर जिला अदालत के बाहर आज शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट नंबर-2 के पास तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद वकीलों और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। पुलिस को मौके से बम के अवशेष और माचिस बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5 से 5:15 बजे के बीच कोर्ट का अंतिम काम चल रहा था। इसी दौरान सीजेएम कोर्ट नंबर-2 के बाहर तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही कोर्ट में मौजूद वकील इसे गंभीर घटना मानते हुए बाहर निकलने लगे। सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाका पाइप बम से किया गया हो सकता है। घटना को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने विरोध जताते हुए इसे अदालत की सुरक्षा में बड़ी चूक बताया है। वकीलों ने कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बम के अवशेष जब्त कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि किसी व्यक्ति की किसी वकील से पुरानी रंजिश भी इस घटना की वजह हो सकती है, इसलिए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। घटना ने सुरक्षा पर उठाए सवाल अधिवक्ता मनीष मिश्रा, अध्यक्ष जिलाअधिवक्ता का कहना है कि आज कोर्ट में जो घटना हुई है, वह न सिर्फ जज और वकीलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कोर्ट परिसर के भीतर बे-रोकटोक कोई भी प्रवेश कर रहा है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब कोर्ट के हर गेट पर सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात रहती है, तो फिर कोई व्यक्ति बम लेकर अंदर कैसे पहुंच गया और धमाका कर दिया। उन्होंने कहा कि भले ही छोटा धमाका हुआ हो, लेकिन यह घटना साफ तौर पर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक की ओर इशारा करती है। अधिवक्ताओं ने मांग की है कि पुलिस को अब यह सुनिश्चित करना होगा कि दोबारा कोर्ट परिसर में इस तरह की घटना न हो। अधिवक्ताओं ने बताया कि कुछ दिन पहले हाईकोर्ट में भी सुरक्षा को लेकर इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिसमें एक शिक्षक चाकू लेकर हाईकोर्ट के अंदर घुस गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी किया था। इसके कुछ दिन बाद ही जिला कोर्ट में इस तरह का धमाका होना यह दर्शाता है कि न तो हाईकोर्ट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं और न ही जिला कोर्ट में। बम के धमाके की आवाज सुनकर ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिला कोर्ट में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, जो भी संदिग्ध दिखेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बम के अवशेष और माचिस मिली है। जिसे जब्त कर लिया गया है। घटना के बाद की तस्वीरें देखिए
जबलपुर जिला अदालत के बाहर धमाका:कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी; बम के अवशेष मिले, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
