खगड़िया में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के मद्देनजर व्यय पर्यवेक्षक दासारी बलैया (आईआरएस) ने शुक्रवार को समाहरणालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की। इस दौरान बलैया ने निर्वाचन व्यय निगरानी व्यवस्था, टीम गठन, ट्रैकिंग तंत्र और विभिन्न कोषांगों की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (MCMC) और जिला नियंत्रण कक्ष (DCC) कोषांगों का निरीक्षण कर उनके अभिलेख संधारण और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। व्यय पर्यवेक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन कार्य में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि निर्वाचन व्यय पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। दासारी बलैया ने खगड़िया जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों को संतोषजनक बताया।
खगड़िया में व्यय पर्यवेक्षक ने चुनाव तैयारियों की समीक्षा की:टीम गठन, ट्रैकिंग तंत्र और अन्य कोषांगों की जानकारी ली
