फतेहाबाद जिले से आखिरकार एक सप्ताह बाद सूचना, भाषा एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के डिप्टी डायरेक्टर अमित पवार रिलीव हो गए हैं। वह लगातार तबादला रुकवाने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए पूर्व विधायक दुड़ाराम भी जोर लगा रहे थे, मगर बात सिरे नहीं चढ़ सकी। मंगलवार को डीआईपीआरओ दिनेश कुमार शर्मा ने कार्यभार संभाल लिया है। बता दें कि, 2 फरवरी को गांव पीलीमंदोरी में पंडित जसराज जयंती समारोह में सीएम नायब सैनी आए थे। उस कार्यक्रम में कुछ विवाद उपजे थे, जिसके अगले ही दिन डिप्टी डायरेक्टर के ट्रांसफर ऑर्डर आ गए थे। उनका रेवाड़ी जबकि रेवाड़ी के डीआईपीआरओ दिनेश शर्मा का फतेहाबाद तबादला किया गया था। मंच संचालन को लेकर विवाद दरअसल, सीएम के कार्यक्रम में मंच संचालन को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान डीआईपीआर डिपार्टमेंट द्वारा मंच संचालन के लिए बुलाई महिला को वापस भेज दिया गया। जिसके बाद सीएम के ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने मंच संचालन किया। सीएम के दखल के बाद ओएसडी मंच संचालन कर पाए थे। कार्यक्रम में एंट्री के दौरान मीडियाकर्मियों को भी रोक दिया गया था। मीडियाकर्मियों को एंट्री करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। यह मामला भी उच्चाधिकारियों तक पहुंचा था। दिनेश शर्मा वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में आने के बाद कोसली, बहादुरगढ़, चरखी दादरी और झज्जर में सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। झज्जर में कार्यवाहक जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी रहे। फिर रेवाड़ी और फरीदाबाद जिलों में डीआईपीआरओ रहे।
दुड़ाराम भी नहीं रुकवा सके डिप्टी डायरेक्टर का तबादला:फतेहाबाद पहुंचे DIPRO, 7 दिन बाद रिलीव; सीएम कार्यक्रम में हुआ था विवाद
