पानीपत में बदमाशों का एनकाउंटर:एक को लगी गोली, 3 साथी भी अरेस्ट; व्यापारी से मांगी थी बंबीहा गैंग के नाम से ढाई करोड़ की रंगदारी

Spread the love

पानीपत के नौल्था गांव के पास देर रात सोनीपत एसटीएफ यूनिट और सीआईए-1 पानीपत पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके तीन साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान शहमालपुर निवासी परमीत के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के लिए पानीपत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके तीन साथी देवेंद्र, साहिल और अमन को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो विदेशी पिस्टल, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए बदमाश वही हैं, जिन्होंने हाल ही में पानीपत सेक्टर-12 निवासी व्यापारी यशपाल गर्ग से खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताकर ढाई करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। व्यापारी द्वारा कॉल बंद करने के बाद आरोपियों ने एक वॉइस मैसेज भी भेजा था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया था। यहां जानिए कैसे मांगी गई थी व्यापारी से रंगदारी 18 दिसंबर की सुबह की थी वॉट्सऐप कॉल
पानीपत के सेक्टर-12 हुडा में रहने वाले यशपाल गर्ग ने थाना चांदनी बाग में दी शिकायत में बताया था कि 18 दिसंबर की सुबह करीब 11:08 बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संदीप राणा बताया और कहा कि वह बंबीहा गैंग से है। उसने उससे 2.5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। इसराना थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई
यह मुठभेड़ इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौल्था गांव के पास हुई। सोनीपत एसटीएफ यूनिट और पानीपत सीआईए-1 की टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाकर बदमाशों को घेरा। पुलिस अधिकारियों और सीआईए टीम के सदस्यों ने गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां छिपे हैं और उन्होंने किन वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…