मुख्य अभियंता अम्बिकापुर संभाग यशवंत शिलेदार के निर्देशन में अधीक्षण अभियंता के.एन. सिंह, कार्यपालन अभियंता बलरामपुर प्रकाश अग्रवाल सहित जिले के सभी सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं की संयुक्त टीम सुबह 10 बजे बरियो पहुँची और बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
अभियान के दौरान 88 उपभोक्ताओं के कनेक्शन 23,96,988 रुपये की बकाया राशि के चलते काट दिए गए। वहीं 24 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया जमा कर कुल 9,19,563 रुपये का भुगतान किया। मुख्य अभियंता शिलेदार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बकाया वसूली के लिए प्रतिदिन इसी तरह का विशेष अभियान चलाया जाए, जिससे बकाया वसूली की गति तेज हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं, उनके घरों की शाम के समय नियमित निगरानी की जाए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई उपभोक्ता बिना अनुमति के बिजली का उपयोग करते पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं आसपास से अवैध रूप से लाइन लेकर बिजली का उपयोग करने पर धारा 138 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें और विभागीय कार्य में सहयोग दें। अन्यथा नियमों के तहत आवश्यक सख्त कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।
