रेवाड़ी के बावल बाजार में छोटू राम चौक पर रविवार देर शाम बिजली का खंभा कार पर गिर गया। बाजार से गुजर रही ओवरलोड पिकअप में तार फंसने से हादसा हुआ। हादसे में कार सवार तीन युवक बाल बाल बच गए। जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। हादसे के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसके लिए बिजली निगम को जिम्मेदार ठहराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और बिजली कर्मचारियों ने स्थिति को संभाला। पिकअप में उलझा तार, खंभा टूटकर गिरा
रविवार देर शाम ओवरलोड पिकअप बाजार से गुजर रही थी। पिकअप जब छोटूराम चौक के पास पहुंची तो बिजली की तार पिकअप में उलझ गई। जिससे बिजली का खंभा टूटकर उस समय वहां से गुजर रही कार पर गिर गया। हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। ईश्वर मनेचा ने कहा कि इस हादसे के लिए बिजली निगम जिम्मेदार है। ओवरलोड पिकअप की ऊंचाई करीब बस जितनी ही थी। ढीले होने के कारण तार पिकअप में उलझने से हादसा हुआ। यदि निगम कर्मचारी समय रहते ढीले तार ठीक कर देते तो शायद यह हादसा नहीं होता। बावल निवासी नितेश ने बताया कि वह अपनी कार लेकर बाजार से जा रहा था। उसके साथ ज्ञान चंद सैनी व संदीप महलावत भी सवार थे। जब हम छोटूराम चौक पहुंचे तो अचानक बिजली का खंभा टूटकर कार पर गिर गया। वे किसी प्रकार कार से बाहर निकले। हादसे में उसके सिर में मामूली चोट आई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
बावल थाने के पीएसआई अनिल कुमार ने बताया कि छोटू राम चौक पर खंभा टूटने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली कर्मचारियों को सूचना दी।ओवरलोड पिकअप में तार उलझने से हादसा हुआ है। हादसे में एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार सभी युवक सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेवाड़ी में कार पर गिरा बिजली का खंभा:3 युवकों की बाल-बाल बची जान; ओवरलोड पिकअप की टक्कर से हादसा
