महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में चुनाव का रिजल्ट आज:सुबह 10 बजे काउंटिंग शुरू होगी, दोपहर बाद परिणाम; BMC पर सबकी नजर

Spread the love

महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में हुए चुनाव का रिजल्ट आज आएगा। 893 वार्डों में कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में हैं। काउंटिंग सुबह 10 बजे शुरु होगी। परिणाम दोपहर बाद आने का अनुमान है। सबसे अहम बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) है। एक दिन पहले आए तीन एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवेसना को 130 से 150 सीटें मिल सकती हैं। बहुमत के लिए 114 की जरूरत है। वहीं कांग्रेस गठबंधन को 60 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 5 से 7 सीटें आ सकती हैं। चार साल देरी से हुए चुनाव, 2022 से टले थे नगर निगम चुनाव हर पांच साल में होते हैं। बीएमसी का पिछला चुनाव 2017 में हुआ था। ऐसे में अगला चुनाव 2022 में होना था। उस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया और वार्ड सीमाओं में बदलाव चल रहे थे। नए वार्ड नक्शे और सीटों का पुनर्विन्यास किया जा रहा था। बीएमसी में वार्डों की संख्या बढ़ाकर 227 से 236 करने का प्रस्ताव था। इस बदलाव के चलते पुरानी सीटों पर चुनाव करना संभव नहीं था, इसलिए चुनाव टाल दिए गए। हालांकि ये प्रस्ताव पास नहीं हुआ। BMC चुनाव में बीजेपी-शिंदे साथ; कांग्रेस अलग लड़ रही बीएमसी चुनाव में कुल 227 सीटों पर चुनाव हुए। भाजपा- शिवसेना (शिंदे गुट) में गठबंधन हैं। बीजेपी 137 सीटों पर लड़ रही है वहीं शिंदे की शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। उधर शिवसेना यूबीटी ने मनसे के साथ अलांयस किया है। यूबीटी जहां 163 सीटों पर लड़ी वहीं MNS को 52 सीट मिली। कांग्रेस ने वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) से गठबंधन किया है। कांग्रेस 143 सीटों पर लड़ रही है वहीं वीबीए को 46 सीट दी गईं हैं। एनसीपी ने किसी के साथ हाथ नहीं मिलाया। अजित गुट वाली ये पार्टी 94 सीटों पर लड़ रही है। BMC चुनाव क्यों है साख का सवाल BMC चुनाव सिर्फ नगर निगम का नहीं, बल्कि मुंबई की सत्ता हासिल करने की लड़ाई है। इसलिए यह महायुति और महाविकास अघाड़ी के लिए साख का सवाल है। 74,000 करोड़ रुपए के बजट वाली एशिया की सबसे बड़ी सिविक बॉडी BMC पर बिना बंटे शिवसेना ने (1997-2017) तक राज किया था। तब BJP उसकी सहयोगी थी। मुंबई नगर निगम का बजट गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के बजट से भी बड़ा है। यही कारण है कि भाजपा, उद्धव ठाकरे की शिवसेना, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, कांग्रेस, शरद पवार और अजीत पवार अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं। चुनावी वादे: बस किराए में 50% छूट तो 1500 महीना का वादा भाजपा गठबंधन ने बीएमसी चुनाव में महिलाओं को BEST बसों में यात्रा करने पर किराए में 50% छूट देने का वादा किया है। वहीं उद्धव–राज ठाकरे अलांयस ने महिला घरेलू सहायकों को ₹1500 महीना और 700 वर्गफुट तक के घरों पर प्रॉपर्टी टैक्स फ्री करने की बात कही है। कांग्रेस ने मुंबई की प्रदूषण समस्या और BEST बस सेवा में सुधार का वादा किया है। साथ ही शहर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की बात कही है।