हरियाणा राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव:BJP उम्मीदवार के नामांकन के तीन सेट पर विवाद; आयोग का जवाब- दो दाखिल

Spread the love

राज्यसभा चुनाव के नॉमिनेशन के बाद आज से नामांकन पत्रों की जांच होगी। हरियाणा राज्यसभा के द्वि–वार्षिक चुनावों के लिए नामित रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल ने बताया कि 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। अग्रवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से संजय भाटिया, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से कर्मवीर सिंह बौद्ध तथा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सतीश नांदल ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उन्होंने आगे बताया कि उम्मीदवार 9 मार्च तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान यदि आवश्यक हुआ, तो 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूम में होगा। बीजेपी की तीन सेटों का दावा भाजपा का दावा है कि भाटिया ने नामांकन पत्र के तीन सेट दाखिल किए हैं, जबकि राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार उन्होंने दो सेट दाखिल किए हैं। जिसके बाद बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया अब खुद नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया में शामिल होंगे। कुछ ही देर में बीजेपी उम्मीदवार हरियाणा विधान सभा पहुंचेंगे। दो सीटों पर तीन नामांकन हुए हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल होने से चुनाव रोचक हो गया है। भाजपा की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस की ओर से कर्मवीर बौद्ध और भाजपा समर्पित निर्दलीय सतीश नांदल ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। संख्या बल के आधार पर भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया का चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। भाटिया के नामांकन में 30 प्रस्तावक भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया के नामांकन पत्र पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य सरकार के सभी 13 मंत्रियों समेत कुल 30 विधायकों ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं। भाटिया के प्रस्तावकों में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, अनिल विज, विपुल गोयल, श्रुति चौधरी, महिपाल डांडा, डा. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, कृष्ण कुमार बेदी, रणबीर गंगवा और कृष्ण लाल पंवार समेत अन्य मंत्री शामिल है। कांग्रेस उम्मीदवार के तीन सेट कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध ने तीन सेट नामांकन दाखिल किए हैं। उनके प्रस्तावकों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के 10 विधायक शामिल हैं। इनमें डा. रघुबीर कादियान, चौधरी आफताब अहमद, रेणु बाला, शैली चौधरी, शकुंतला खटक, पूजा चौधरी, चंद्र प्रकाश, नरेश सोलवाल और गोकुल सेतिया के नाम शामिल हैं। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने भी नामांकन दाखिल किया है। उनके नामांकन पत्र पर निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादियान और राजेश जून सहित 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें 7 भाजपा विधायक बताए जा रहे हैं।