संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा बैठक, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान को लेकर प्रेक्षक ने दिए निर्देश

Spread the love

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार सामान्य प्रेक्षक की अध्यक्षता में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील एवं मतदान केंद्रों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी तथा पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रेक्षक ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चिन्हित संवेदनशील केंद्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर समन्वय और सतर्कता बनाए रखना अनिवार्य है।

उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, अर्धसैनिक बलों के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में एरिया डोमिनेशन तथा फ्लैग मार्च की कार्ययोजना को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मतदान केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग, यातायात प्रबंधन, संचार सुविधा, बिजली, पेयजल, शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष चर्चा हुई।

प्रेक्षक ने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर और सहायता कर्मी जैसी सुविधाएं पूर्व तैयारी के साथ उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर मतदाता को मतदान का समान अवसर मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों को समय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा मतदान दिवस पर उनके आवागमन और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। प्रेक्षक ने कहा कि निर्वाचन आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी दलों और प्रत्याशियों को समान अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गहन समीक्षा और सतत निगरानी जारी है।

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने कहा कि आयोग के दिशा निर्देश का अक्षरत: पालन करने का आदेश दिया गया गया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ शशि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, हथुआ एसडीओ अभिषेक कुमार चंचल , विभिन्न थानाध्यक्ष, निर्वाची पदाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर प्रेक्षक ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।