भिवानी रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरा बुजुर्ग,VIDEO:ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसा; RPF जवानों ने दौड़कर पटरी पर गिरने से बचाया

Spread the love

भिवानी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। प्लेटफार्म नंबर 3 पर हिसार जाने वाली ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक बुजुर्ग अचानक संतुलन बिगड़ने से पायदान से फिसल गया और प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच बनी दरार में गिरने लगा। गनीमत रही कि वहां मुस्तैद आरपीएफ (RPF) के जवानों ने फुर्ती दिखाई और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर खींच लिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ट्रेन चलते ही बिगड़ा संतुलन भिवानी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हुई घटना के समय मौके पर तैनात आरपीएफ कॉन्स्टेबल सुरेंद्र ने बताया, “हम अपनी रूटीन ड्यूटी के तहत प्लेटफार्म नंबर तीन पर गश्त कर रहे थे। उसी समय भिवानी से हिसार जाने वाली ट्रेन चलने लगी। तभी एक बुजुर्ग यात्री ने चलती ट्रेन पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह पायदान पर पैर रखते ही फिसल गए। उनका पांव ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसने ही वाला था कि हम तुरंत दौड़कर वहां पहुंचे। गनीमत यह रही कि ट्रेन की रफ्तार अभी ज्यादा नहीं थी और समय रहते उन्हें सकुशल नीचे उतार लिया गया। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।” सुरक्षित बचाए जाने के बाद बुजुर्ग यात्री को प्राथमिक सहायता दी गई और ट्रेन अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। सीसीटीवी में ये दिखा… रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बुजुर्ग के गिरने और उसको बचाने के प्रयास की पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हाे गई। इसमें दिख रहा है कि RPF के दो जवान स्टेशन पर बातचीत कर रहे हैं। पास से ट्रेन गुजर रही है। इसी बीच एक की नजर चलती ट्रेन की तरफ चढ़ने को दौड़ रहे एक बुजुर्ग पर उनकी नजर पड़ती है। इस पर दोनों उसकी तरफ दौड़ते हैं। इस बीच ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में बुजुर्ग गिर जाता है। वह कुछ ही देर में प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गया। पटरी की तरफ गिरते जा रहे बुजुर्ग को ये जवान खींच कर बाहर निकालते हैं। इससे उसकी जान बच जाती है।