पलवल में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या:बच्चों के खेल में खूनी संघर्ष, बेटा गंभीर घायल; 20 लोगों के खिलाफ FIR

Spread the love

पलवल जिले में बच्चों के खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। शनिवार शाम हुई इस घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग नृतपाल की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे थान सिंह को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में 20 से अधिक नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीघौट गांव निवासी थान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मई की शाम उनके घर के बच्चों का पड़ोसियों के बच्चों से खेलते समय विवाद हो गया था। शनिवार शाम करीब 7 बजे थान सिंह अपने पशुओं के साथ प्लॉट में बैठे थे, जबकि उनके पिता नृतपाल घर से घेर की ओर जा रहे थे। आरोपियों ने नृतपाल पर किए ताबड़तोड़ वार जैसे ही नृतपाल रास्ते में लेखराज फौजी के घर के सामने पहुंचे, तो बच्चों के विवाद को लेकर पहले से ही हथियारों से लैस होकर घात लगाकर बैठे पड़ोसी धर्मपाल, रूपचन्द्र, करन चंद, दीपक, सचिन, अमित, कृष्ण, राजेश, लोकेश, सन्नी, शिव, निरंजन, दुलीचंद उर्फ़ दुल्ली, सीमा, लच्छो, मनीषा और मीना ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार थे, जिनसे उन्होंने बुजुर्ग नृतपाल पर ताबड़तोड़ वार किए। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार चीख-पुकार सुनकर जब थान सिंह अपने पिता को बचाने के लिए मौके पर भागे, तो उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल थान सिंह ने ग्रामीणों की मदद से जमीन पर बेसुध पड़े अपने पिता नृतपाल को उठाया और बाइक से तुरंत पलवल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ‘बैठक करके बनाई हमले की रणनीति’ अस्पताल के डाक्टरों ने जांच के बाद नृतपाल को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के ही जलसिंह, चंद्रपाल, प्रेमराज और भीम इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता हैं। इन आरोपियों ने रविदास मंदिर में एक गुप्त बैठक बुलाई थी, जहां नृतपाल की हत्या की पूरी रूपरेखा तैयार की गई। इस साजिश में लेखराज फौजी की भी अहम भूमिका बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया। सदर थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।