फतेहाबाद में पेड़ से टकराई इको, दो वेटरों की मौत:टायर फटने से बेकाबू हुई गाड़ी, आठ घायल, दो की हालत गंभीर, एक पंजाब का

Spread the love

फतेहाबाद से भूना रोड पर गांव जांडली कलां के पास चलती इको गाड़ी का टायर फट गया। जिससे अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में गाड़ी सवार दो वेटरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रुप से घायल हो गए। ड्राइवर को भी चोट आई है। इसके अलावा पांच अन्यों को भी चोट आई है। एक्सीडेंट देखकर पास से गुजर रही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। बुलाडी से फतेहाबाद की ओर जा रहे जानकारी के अनुसार, वेटर पार्टी पंजाब-हरियाणा के बॉर्डर पर स्थित गांव गुलाडी से फतेहाबाद की ओर आ रही थी। इको गाड़ी में करीब दस वेटर सवार थे। इसी दौरान जांडली कलां के बस स्टैंड के पास चलती गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी की स्पीड ज्यादा थी, इसलिए कंट्रोल नहीं हुआ और गाड़ी बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में गांव रेहनखेड़ी निवासी जग्गा पुत्र अमरीक सिंह (33) और पंजाब के जिला संगरूर के गांव गुलाडी निवासी आर्यन (20) की मौत हो गई। वहीं, गुलाडी निवासी राहुल (20) और साहिल की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि ड्राइवर कुलबीर सिंह को हल्की चोट आई है। उन्हें फतेहाबाद के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाकी चोटिल वेटरों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। भूना पुलिस मामले की जांच कर रही इस मामले में भूना पुलिस जांच कर रही है। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतकों के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। घायलों के बयान लिए जाएंगे।