नूंह पहुंचे दुष्यंत चौटाला:जुलाना रैली की सफलता के लिए किया धन्यवाद, भाजपा पर साधा निशाना, रोजगार पर उठाए सवाल

Spread the love

हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जुलाना में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की आयोजित रैली की सफलता के बाद कार्यकर्ताओं का आभार जताने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंच से मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए विकास, रोजगार और सामाजिक योजनाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए। स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो पार्टी करेगी आंदोलन दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनके कार्यकाल में मेवात क्षेत्र में विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की गई थी, लेकिन दो साल बीत जाने के बावजूद मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के लिए जमीन तक नहीं तलाश पाए। उन्होंने इसे सरकार की विफलता करार दिया। रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एटीएल कंपनी ने लिखित रूप में आश्वासन दिया था कि वह 75 प्रतिशत हरियाणा के युवाओं को रोजगार देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रोडक्शन शुरू होने के बाद भी स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला तो जननायक जनता पार्टी आंदोलन करेगी। बुढ़ापा पेंशन में कोई बढ़ोतरी नहीं बुढ़ापा पेंशन को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से पेंशन राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे बुजुर्ग वर्ग में भारी निराशा है। मनरेगा में किए गए बदलावों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि योजना में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा दी जाती है, लेकिन केंद्र से समय पर पैसा नहीं मिल रहा है और राज्य सरकार के पास भी संसाधनों की कमी है। दुष्यंत चौटाला ने एसआईआर का समर्थन करते हुए इसे पारदर्शिता की दिशा में जरूरी कदम बताया। संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को खड़ा करने का कार्य करे। इसके साथ ही उन्होंने 8 फरवरी को नूंह में आयोजित होने वाले ‘युवा योद्धा कार्यक्रम’ की घोषणा की और युवाओं से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।