करनाल के रिजॉर्ट में शादी के दौरान ‘हर्ष फायरिंग’:स्टाफ के टोकने पर भी नहीं माने मेहमान; डरे रहे लोग, तमाशबीन बनी पुलिस

Spread the love

करनाल में शादियों में अपनी शान दिखाने के लिए हथियार लहराने और हवाई फायरिंग करने का चलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। घरौंडा क्षेत्र के एक नामी रिजॉर्ट में 7 फरवरी की रात आयोजित शादी समारोह में कुछ मेहमानों ने जमकर हवाई फायर किए। रिजॉर्ट स्टाफ के विरोध और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद तमाशा जारी रहा। अब रिजॉर्ट मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घरौंडा में रिजॉर्ट के मालिक अरविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 7 फ़रवरी की शाम को रिजॉर्ट में एक शादी कार्यक्रम आयोजित हुआ था। यह कार्यक्रम मनोज त्यागी के नाम से बुक किया गया था। कार्यक्रम रात के समय चल रहा था, इसी दौरान मनोज त्यागी और उसके साथ आए कुछ लोगों ने शादी की शान को बढ़ाने के लिए बन्दूक से फायरिंग शुरू कर दी। इससे रिजॉर्ट में मौजूद स्टाफ और अन्य लोग डर गए। स्टाफ के मना करने के बावजूद जारी रही फायरिंग
रिजॉर्ट कर्मचारियों ने तुरंत फायरिंग रोकने के लिए उन्हें मना किया, लेकिन इसके बावजूद वे नहीं माने। हालात काबू से बाहर होते देख स्टाफ ने डायल-112 पर कॉल की। सूचना मिलने पर 112 के पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। थाना में दी गई लिखित शिकायत, केस दर्ज
घटना के बाद रिजॉर्ट मालिक अरविंद ने थाना घरौंडा में लिखित दरखास्त दी। शिकायत मिलने पर घरौंडा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। PSI रवि ने बताया कि अरविन्द की शिकायत पर मनोज व उसके साथियो के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। मामले की जाँच की जा रही है। साथ ही फुटेज भी चेक करवाई जाएगी।