हांसी में ट्राले और कैंटर की टक्कर, ड्राइवर की मौत:2 घंटे तक कैबिन में फंसा रहा शव; दो बच्चों का पिता

Spread the love

हरियाणा के हांसी जिले के गीता चौक पर वीरवार सुबह करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कैंटर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ब्रेकर के कारण आगे चल रहा ट्राला धीमा हुआ और उसके पीछे आ रहा कैंटर ट्राले में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर कैबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान फतेहाबाद जिले के भोड़िया खेड़ा गांव के मान सिंह (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि मानसिंह शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव निकालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि ड्राइवर के शव को बाहर निकालने में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कटर और अन्य उपकरणों की मदद से कैंटर को काटकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। ट्राला ड्राइवर मौके से फरार, तलाश जारी ASI सुशील कुमार के मुताबिक, हादसे के बाद आगे चल रहे ट्राले का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। सदर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शव को हांसी के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है।