सोनीपत में धुंध में ट्रक पलटने से दर्जनों वाहन टकराए:हाईवे पर जाम, पुलिस ने डायवर्ट किया ट्रैफिक; 4 क्रेन से हटवाया वाहन

Spread the love

सोनीपत जिले के गन्नौर में शनिवार सुबह घने कोहरे ने ऐसा कहर बरपाया कि नेशनल हाईवे-44 पर एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए। फ्लाईओवर पर अचानक दृश्यता बेहद कम होने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ, जिसमें दर्जनों से अधिक वाहन आपस में भिड़ गए। वहीं हाइवे पर अनियंत्रित होकर ट्रक भी पलट गया। जिसके कारण ड्राइवर को मामुली चोट भी आई है, जिसका इलाज चल रहा है। वहीं कोहरे के कारण हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया गया। वहीं सोनीपत में शुक्रवार की रात हरियाणा में सबसे ठंडी दर्ज की गई है। कोहरे में दिखना हुआ मुश्किल शनिवार सुबह सोनीपत में घना कोहरा देखने को मिला। रात से ही कोहरा शुरू हो गया था। जिसके कारण सुबह नेशनल हाईवे-44 के गन्नौर फ्लाईओवर पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाया। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रहे वाहन आपस में टकराते चले गए और देखते ही देखते दर्जनों वाहन हादसे की चपेट में आ गए। ट्रक पलटने से बढ़ा हादसा दिल्ली की ओर जा रहे एक ट्रक के अचानक बेकाबू होकर पलट जाने से स्थिति और गंभीर हो गई। ट्रक के पलटते ही उसके पीछे आ रहे वाहन एक-एक कर टकराते गए। हादसे में कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, हालांकि गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर को केवल हल्की चोटें आईं। घंटों तक फंसे रहे वाहन ड्राइवर हादसे के बाद नेशनल हाईवे-44 पर लंबा जाम लग गया। दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों वाहन ड्राइवर घंटों तक जाम में फंसे रहे। स्थिति इतनी खराब हो गई कि ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया। सर्विस लेन से निकाले वाहन सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहनों को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया, ताकि जाम को कम किया जा सके और फंसे लोगों को राहत मिल सके। 4 क्रेन की मदद से हटाया पलटा ट्रक हादसे के बाद हाईवे पर पलटे ट्रक को हटाने के लिए पुलिस ने चार क्रेन मंगवाईं। काफी मशक्कत के बाद ट्रक और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिससे रास्ता साफ किया जा सका। लगभग चार घंटे की कड़ी मेहनत और राहत कार्य के बाद नेशनल हाईवे-44 को दोबारा खोल दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो पाया और वाहन ड्राइवरों ने राहत की सांस ली। सोनीपत की रात रही सबसे ठंडी हरियाणा में 2 दिन बारिश के बाद शनिवार को भी सोनीपत में अचानक घना कोहरा देखने को मिला। जिसके चलते ही विजिबिलिटी काफी जगह 5 से 10 मीटर ही नजर आई। हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़कों पर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोनीपत में शुक्रवार की रात को हरियाणा में सबसे कम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस से दर्ज किया गया। जिसके चलते लोगों ने ठंड भी महसूस की। वहीं शनिवार को सुबह घने कोहरे के बाद करीब 10 बजे के बाद सूर्य भी निकल आया।