युवती का शव फंदे पर मिला, ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

मृतका की पहचान खुशबू (25) पत्नी सोनू साहू निवासी छोटी बाजार के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार की सुबह खुशबू का शव कमरे के भीतर छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। पति सोनू ने सबसे पहले शव को देखा और शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

खुशबू के पिता रामविशाल निवासी कंचन पुरवा ने बताया कि बेटी की शादी दो वर्ष पूर्व सोनू साहू से हुई थी। तब से ससुराल वाले दहेज में चार पहिया वाहन और पांच लाख रुपये की मांग करते थे। न देने पर खुशबू को प्रताड़ित किया जाता था। शनिवार को खुशबू अपने पति के साथ दशहरा मनाने मायके आई थी, तभी दामाद ने दोबारा गाड़ी और रुपये की मांग की थी। इस पर पिता ने छह माह का समय मांगा था। खुशबू ने तब आशंका जताई थी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो ससुरालीजन उसे मार डालेंगे।

रामविशाल का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने खुशबू की हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति सोनू साहू, सास कमला, ससुर दिनेश, ननद रोशनी और नंदोई मोंटी साहू के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति और सास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।