हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में डोम गिरा, बड़ा हादसा टला

Spread the love

हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब सपना चौधरी स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं। जैसे ही डोम गिरा, अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रम तुरंत रुकवा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गनीमत रही कि डोम का हिस्सा जमीन से करीब तीन फीट ऊपर ही अटका रह गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

एसडीएम विकास पंचोली ने बताया कि सोमवार को मेले का आठवां दिन था और सपना चौधरी की वजह से अपेक्षाकृत ज्यादा भीड़ उमड़ आई। लोग डोम के पोल पर लटक गए और कई लोग ऊपर चढ़कर बैठ गए थे, जिसके कारण स्ट्रक्चर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और डोम एक ओर झुक गया।

करीब 15 मिनट की परफॉर्मेंस के बाद जैसे ही हादसा हुआ, सपना चौधरी को तुरंत स्टेज से सुरक्षित उतार लिया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और रात के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। हादसे के दौरान एक युवक डोम के सबसे ऊपरी हिस्से पर भी बैठा था, जो गिरते समय स्लिप होकर नीचे आ गया लेकिन सुरक्षित रहा। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी को चोट नहीं आई। डोम की मरम्मत का काम रात में ही शुरू कर दिया गया था। मंगलवार को मेले के सभी कार्यक्रम सामान्य रूप से आयोजित किए जाएंगे।