बुधवार को मैना पर्यटक केन्द्र में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. विश्वजीत राठी ने बताया कि प्रदेश में अफरशाही पूरी तरह से हावी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री उनकी मांगे पूरी करने पर सहमत है तो अफरशाही क्यों सरकार को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि दिन रात चिकित्सक मरीजों का ईलाज कर रहे है, लेकिन फिर भी उनकी स्वीकृत मांगे पूरी नहीं की जा रही है। उनकी प्रमुख मांगों में डाक्टरों का वेतनमान बढ़ाना और सीएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज भी उनकी मांगों को स्वीकृत कर चुके है, लेकिन अफरशाही सरकार को लगातार गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में 90 प्रतिशत डाक्टर हड़ताल पर है और कुछ जगहों पर डाक्टरों ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है। सरकार एस्मा लगाकर डाक्टरों को डराने का काम कर रही है, लेकिन जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है उनकी हड़ताल जारी रहेगी। डाक्टरों की हड़ताल के चलते सिविल अस्पताल व सीएचसी सेंटर पर मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। वहीं स्वास्थ विभाग अधिकारियों का कहना है कि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा, इसके लिए अतिरिक्त डाक्टरों की व्यवस्था की गई है।
