कपाली में बालश्रम पर जिला टास्क फोर्स की कार्रवाई, चार बच्चे रेस्क्यू

Spread the love

कपाली क्षेत्र में कबाड़ गोदामों में बच्चों से काम कराए जाने की सूचना जिला प्रशासन को एक न्यूज पोर्टल के माध्यम से मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डालसा सचिव सरायकेला ने श्रम विभाग और बाल कल्याण समिति को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद टास्क फोर्स ने ताड़ीपत्थर डोबो पुलिया, अली मस्जिद के पास बंधुबेडा और ताज़नगर सहित पांच स्थानों पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान कुल चार बच्चे बालश्रम से मुक्त कराए गए। सभी की उम्र 14 वर्ष से अधिक पाई गई। बाल कल्याण समिति ने बच्चों को उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया।

टास्क फोर्स सदस्य सैयद आयाज़ हैदर ने बताया कि कबाड़ गोदाम संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे नाबालिग बच्चों से काम न कराएं। साथ ही अपने प्रतिष्ठानों के गेट पर यह बैनर लगाने का निर्देश दिया गया कि यहां बाल श्रमिक से काम नहीं कराया जाता है।

कार्रवाई में श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, बाल कल्याण समिति की सदस्य बिना रानी महतो और पद्मा गोराई, जिला बाल संरक्षण इकाई के माथुर मंडल, समीर कुमार महतो, चितरंजन कुमार और बिट्टू प्रजापति शामिल रहे।