पूर्व सांसद चौधरी बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा गुरुवार को रेवाड़ी के बावल विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस यात्रा का उद्देश्य पार्टी में एकता का संदेश देना था, लेकिन पहले ही दिन रेवाड़ी जिले के कांग्रेस नेताओं में गहरी फूट सामने आई। यात्रा में शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह और पूर्व मंत्री डॉ. एमएल रंगा शामिल नहीं हुए। इन प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति ने पार्टी की आंतरिक कलह को उजागर किया। गांव टिकला में सद्भाव यात्रा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बिना नाम लिए पार्टी नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कुछ नेता ऐसे हैं, जो यात्रा में आने से छिप गए। छिपने की बजाय आदमी को ‘मर्द’ बनना चाहिए। सभी को एकता की बात करनी चाहिए। कैप्टन अजय सिंह ने आगे कहा कि वे पूरी तरह बृजेंद्र सिंह के साथ हैं और किसी का डर नहीं है और कोई मेरी भैंस भी नहीं खोल सकता। उन्होंने स्पष्ट किया जो आएगा उसका स्वागत करेंगे। कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा या कोई भी आएगा, उसका स्वागत किया जाएगा। दूसरी ओर, गैरहाजिर रहे दोनों जिला अध्यक्षों ने अपनी गैरमौजूदगी का कारण बताते हुए कहा कि वे पार्टी के कार्य से चंडीगढ़ गए हुए थे। बृजेंद्र बोले- भाजपा ने कैप्चर किया पूरा सिस्टम सद्भाव यात्रा के 72वें दिन रेवाड़ी पहुंचे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने पूरे सिस्टम को कैप्चर कर लिया है। जिस मामले में ईडी ने 53 घंटे राहुल गांधी से पूछताछ की थी, अब कोर्ट का फैसला आने के बाद वह नेशनल हेराल्ड का मामला राष्ट्रीय मीडिया से गायब हो गया है। बृजेंद्र ने कहा कि समाज को बांटकर वोट लेना भी वोट चोरी माना जाता है। भाजपा समाज को बांट रही है और कांग्रेस का प्रयास समाज को एकजुट करना है। बृजेंद्र सिंह ने गांव टिकला के मंदिर में पूजा कर अपनी दो दिवसीय रेवाड़ी यात्रा का शुभारंभ किया। सत्ता में आते ही मनरेगा खत्म करना चाहती थी भाजपा पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने 2014 में सत्ता में आने के बाद ही मनरेगा को खत्म करने का काम शुरू कर दिया था। सरकार ने अब भी मनरेगा का केवल नाम नहीं बदला है, बल्कि इसे खत्म करने के लिए बढ़ाया गया एक और कदम है। आज प्रदेश बेरोजगारी की चपेट में है और प्रदेश के युवा अपनी जमीन जायदाद बेचकर काम के लिए विदेश भाग रहे हैं।
रेवाड़ी में सद़भाव यात्रा में नहीं पहुंचे जिलाध्यक्ष-पूर्व मंत्री:पूर्व मंत्री कैप्टन बोले- छिपने की बजाय ‘मर्द’ बनें, मैं बृजेंद्र सिंह के साथ
