पूर्व सैनिक मान सिंह की शिकायत पर वन विभाग को भू-कटाव रोकथाम और कृषि विभाग को फसल क्षति मुआवजा प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के आदेश दिए गए। गैण्डाखाली में विद्यालय में स्थायी शिक्षक न होने पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल नियुक्ति करने को कहा।
सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं के मामले में उन्होंने नगर निकायों और जिला पंचायत को सभी पशुओं को गौशालाओं में भेजने और पालतू पशुओं को सड़क पर छोड़ने वालों पर चालान कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वृद्धा पेंशन, आधार और दिव्यांग प्रमाणपत्रों से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विशेष शिविर लगाने और पात्र व्यक्तियों को शीघ्र लाभ देने के निर्देश दिए। उपजिला चिकित्सालय टनकपुर से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सफाई व्यवस्था सुधारने, अनावश्यक रेफरल रोकने और जन औषधि केंद्र के संचालक को बदलने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, उप जिलाधिकारी आकाश जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
