घाटशिला उपचुनाव को लेकर मतदाता सूचना पर्ची का वितरण जारी

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार सोमवार को घाटशिला उपचुनाव को लेकर जिले में मतदाता सूचना पर्ची (वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप) का वितरण कार्य तेजी से जारी है। निर्वाचन पदाधिकारी ने 5 नवंबर तक सभी मतदाताओं के बीच पर्ची वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस क्रम में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मतदाताओं के घर-घर जाकर सूचना पर्ची उपलब्ध करा रहे हैं और उन्हें आगामी 11 नवंबर को मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

निर्वाचन पदाधिकारी ने आरओ और एआरओ को निर्देश दिया है कि बीएलओ के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदाताओं तक सूचना पर्ची पहुंचाई जाए। जिले के 300 मतदान केंद्रों से जुड़े बूथ लेवल ऑफिसर मतदाता सूचना पर्ची के साथ रंगीन वोटर गाइड भी वितरित कर रहे हैं।

इस गाइड में चित्रों के माध्यम से बताया गया है कि मतदाता ईवीएम से मतदान कैसे करें और भारत निर्वाचन आयोग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही है। विभिन्न सुविधाओं जैसे सक्षम-ईसीआई ऐप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, नो योर कैन्डिडेट ऐप तथा सी-विजिल ऐप की जानकारी दी गई है। साथ ही, पंजीकरण प्रक्रिया, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर से मतदान और डाक मतपत्र की सुविधा के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

मतदाता सूचना पर्ची के आगे के भाग में निर्वाचक नामावली में भाग संख्या, मतदाता का नाम, क्रम संख्या, पोलिंग स्टेशन का नाम, मतदान की तिथि और क्यूआर कोड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। वहीं पर्ची के पीछे के भाग में पोलिंग स्टेशन का नक्शा, बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर, मतदान के लिए मान्य पहचान दस्तावेजों की सूची तथा अन्य आवश्यक निर्देशों का उल्लेख किया गया है।